कार्डिफ। भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर गुरुवार को सोफिया गार्डन्स मैदान पर खेले गए आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 26 रनों से से हरा दिया। भारत द्वारा दिए गए 332 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम रोबिन पीटरसन (68), कप्तान अब्राहम डिविलियर्स (70) और रेयान मैक्लॉरेन (नाबाद 71) की उम्दा अर्धशतकीय पारियों के बावजूद 50 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 305 रन ही बना सकी।
बल्लेबाजों के बाद भारतीय गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कोर को बचा लिया। भारतीय खिलाड़ियों ने दो रन आउट किए। उमेश यादव, इशांत शर्मा, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार ने दो-दो विकेट लिए। भारत ने 31 रन के कुल योग पर ही दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाजों हाशिम अमला (22) और कोलिन इंग्राम (6) के विकेट चटक लिए थे लेकिन इसके बाद पीटरसन और डिविलियर्स ने तीसरे विकेट के लिए 124 गेंदों पर इतने ही रन जोड़कर भारत की मुश्किल बढ़ा दी थी।
इंडियन प्रीमियर लीग में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से अपनी प्रतिभा की खनक दिखा चुके डेविड मिलर (0) से दक्षिण अफ्रीकी टीम को काफी उम्मीद थी लेकिन भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने उनकी एक न चलने दी और 188 रन के कुल योग पर रन आउट करके उन्हें पवेलियन लौटा दिया। फॉफ दू प्लेसिस (30) और मैक्लॉरेन ने सातवें विकेट के लिए 28 गेंदों पर 50 रन जोड़कर एक बार फिर भारत की मुश्किल बढ़ाई लेकिन 238 रनों के कुल योग पर इशांत ने प्लेसिस को सुरेश रैना के हाथों कैच कराकर एक बार फिर अपनी टीम को संकटों से उबारा। प्लेसिस ने 23 गेंदों पर पांच चौके लगाए।
इशांत ने 251 के कुल योग पर रोरी क्लीनवेल्ट (4) को आउट कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। इसके बाद 257 के कुल योग पर जडेजा ने लोनवाले सोत्सोबे (3) को बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका का नौवां विकेट झटका। भारत जीत की दहलीज पर खड़ा था लेकिन मैक्लॉरेन के साथ-साथ मोर्ने मोर्कल (8) उसका रास्ता रोके खड़े थे। दोनों ने अंतिम विकेट के लिए 43 गेंदों पर 48 रन जोड़े लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुआ। मोर्कल पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए। मैक्लॉरेन ने अपनी 61 गेंदों की नाबाद पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया।
इससे पहले, शिखर धवन (114) और रोहित शर्मा (65) की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने आईसीसी के नए नियमों के तहत खेलते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 331 रन बनाए। धवन के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे रोहित ने अपनी 81 गेंदों की पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। रोहित का विकेट 127 रनों के कुल योग पर गिरा। उन्हें रेयान मैक्लॉरेन ने पीटरसन के हाथों कैच कराया। धवन ने दूसरे विकेट के लिए भी विराट कोहली (31) के साथ बेहतरीन साझेदारी की और 83 रन जोड़े। कोहली, लोनवाबो सोत्सोबे द्वारा फेंकी गई 35वें ओवर की दूसरी गेंद पर हाशिम अमला को कैच थमाकर पवेलियन लौटे।
कोहली के जाने के बाद धवन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और भारत के कुल योग में 17 रन जोड़कर स्थानापन्न एएम फैंगीसो द्वारा लपक लिए गए। धवन ने 94 गेंदों की पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। धवन जब 38वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए उस समय भारत का स्कोर तीन विकेट पर 227 रन था। इसके बाद दिनेश कार्तिक (14), कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (27) और सुरेश रैना (9) का अंशदान कुछ खास नहीं रहा, लेकिन रविंद्र जडेजा द्वारा आखिरी ओवरों में 29 गेंदों पर तेजी से बनाए गए 47 रनों की बदौलत भारत 331 के विशाल स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मैक्लारेन ने तीन विकेट चटकाए तथा सोत्सोबे को दो विकेट हासिल हुआ। (आईएएनएस)