लंदन (भाषा)। भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम आज यहां लाड्र्स क्रिकेट मैदान में जापान से तनावपूर्ण प्री क्वार्टरफाइनल शूट आफ में हारकर ओलंपिक खेलों से बाहर हो गयी। जयंत तालुकदार, राहुल बनर्जी और तरूणदीप राय की तिकड़ी कल रैंकिंग राउंड में अंतिम 12वें स्थान पर रही थी।
भारतीय टीम नियमित चार राउंड के बाद आज जापनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 214 के स्कोर से बराबरी पर थी। लेकिन यु इजियू, हिदेकी किकुची और ताकाहारू फुरूकावा की तिकड़ी ने शूट आफ में भारतीयों को 29-27 से पछाड़ दिया।
भारतीय तीरंदाज काफी निराश होंगे क्योंकि वे नियमित समय में दो अंक से बढ़त बनाये थे लेकिन जापानी टीम बराबरी कर मैच टाई ब्रेकर तक ले गयी।
अब ये तीनों भारतीय व्यक्तिगत एलीमिनेशन राउंड में भाग लेंगे जो सोमवार से शुरू होगा। सभी की निगाहें अब महिला टीम पर लगी हैं जो कल डेनमार्क के खिलाफ एलीमिनेटर में भाग लेगी। महिला टीम कल शुरूआती राउंड में नौंवे स्थान पर रही थी। देखें लंदन ओलंपिक का फुल कवरेज।