खेलगांव में आना लगातार जारी है और अब निशानेबाज संजीव राजपूत तथा शगुन चौधरी यहां पहुंचे। शगुन और राजपूत के अलावा कई अधिकारी भी खेलगांव पहुंच गए जिनमें प्रेस अताशे हरपाल सिंह बेदी, डाक्टर सरला राव, डाक्टर संयोगिता सूदन और फिजियोथेरेपिस्ट रमेश त्रिवेदी शामिल हैं।
भारतीय तीरंदाजों ने लार्ड्स क्रिकेट मैदान पर अभ्यास किया जबकि निशानेबाजों ने रेंज पर निशाना साधा। भारोत्तोलकों ने एक्सेल स्टेडियम में अभ्यास किया। भारतीय दल के मिशन उपप्रमुख ब्रिगेडियन पी के मुरलीधरन राजा ने कहा, "यहां लगातार बारिश हो रही है तो कभी तेज धूप निकल आती है। तापमान में इस कदर बदलाव के जो आदी नहीं हैं, उनके लिये बड़ी मुश्किल पैदा हो रही है।"
उन्होंने कहा, "खेलगांव में खिलाडि़यों और अधिकारियों के आने से माहौल सकारात्मक और उर्जावान हो गया है। डाइनिंग हाल में कई देशों के खिलाड़ी आपस में मिलते हैं तो सौहार्द्र का माहौल देखने को मिलता है।"
उन्होंने कहा, "भारतीय टीम भारतीय और एशियाई फूड काउंटर के खुलने का इंतजार कर रही है। वैसे खाने में काफी विविधता है और मैकडोनाल्ड्स के व्यंजन सभी को खूब पसंद आ रहे हैं।"