नयी दिल्ली (ब्यूरो)। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार ने ये सनसनीखेज खुलासा किया है कि राजस्थान रॉयल्स टीम के मालिक राज कुद्रा सट्टेबाजी में शामिल रहे हैं। इन सबके अलावा जो खास बात है वो ये है कि राज कुंद्रा के साथ ही साथ उनकी पत्नी और कंपनी की को-ओनर शिल्पा शेट्टी में सट्टेबाजी किया करती थीं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक जांच और पूछताछ में पता चला है कि राज कुंद्रा खुद सट्टेबाजी किया करते थे और अपनी ही टीम पर पैसा लगाते थे।
सट्टेबाजी की बात खुद कुंद्रा ने कबूल की है। हालांकि नीरज कुमार ने ये साफ कर दिया है कि स्पॉट फिक्सिंग मामले में राज कुंद्रा का कोई हाथ नहीं है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक लंबी पूछताछ के दौरान राज कुंद्रा ने कबूल किया है कि वो बेटिंग किया करते थे और अपने ही टीम पर पैसा लगाते थे। पूछताछ में राज कुंद्रा ने बताया कि उन्होंने सट्टेबाजी में बहुत पैसे का नुकसान झेला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक राज कुंद्रा ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि राज कुंद्रा अपने दोस्त उमेश गोयनका के माध्यम से आईपीएल में बैटिंग करते थे।