जैसा कि आपको मालूम होगा ही कि बाल ठाकरे जीवन भर पाकिस्तान के खिलाफ रहे। वो हमेशा से भारत-पाकिस्तान की सीरीज का भी विरोध करते रहे। उनके देहांत के बाद ऐसा नहीं है कि पार्टी की मानसिकता बदल गई। पार्टी भी पाकिस्तान का विरोध कर रही है। इसीलिये शिव सेना ने भारत सरकार को चेतावनी दी है कि वो भारत-पाक मैचों में बाधाएं पहुंचायेंगे।
हम आपको बता दें कि पाकिस्तान टीम 25 दिसंबर से दो टी20 मुकाबले और तीन वनडे मैच खेलेगी। भारत दौरे के लिये हर स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये जा रहे हैं। इस सुरक्षा को चुनौती देते हुए शिवसैनिकों ने खेल में बाधा डालने की चेतावनी दी है। शिवसेना के नेता मनोहर जोशी ने कहा कि वो किसी भी हालत में पाक को यहां खेलने नहीं देंगे।
उधर गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने शिवसैनिकों से अपील की है कि वो खेल को खेल भावना की तरह लें और मेहमान टीम को यहां सुरक्षित ढंग से खेलने दें। उन्होंने पीसीबी को भी टीम को सुरक्षा दिये जाने का पूरा आश्वासन दिया है।