मुंबई। स्पॉट फिक्सिंग मामले को लेकर सट्टेबाजों की गिरफ्तारी का सिलसिला थम नहीं रहा है। आज ही मुंबई पुलिस ने मंबई में छह सट्टे बाजों को दो लैपटॉप और चार लाख रूपयों के साथ गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि स्पॉट फिक्सिंग मामले को लेकर अब तक लगभग 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि कल हुए आईपीएल 6 के फाइनल मुकाबले में इन सट्टेबाजों ने सट्टा लगाया था। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। वहीं स्पॉट फिक्सिंग पर मीडिया को जवाब देते हुए बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने कहा है कि हम निष्पक्ष रूप से मामले की जांच के लिए पुलिस की पूरी मदद कर रहे हैं। यह भी ध्यान देने योग्य है कि उनके दामाद गुरूनाथ मयप्पन ने सट्टेबाजों के सम्पर्क में होने के कारण पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एन श्रीनिवासन पर भी इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा है।
एक चैनल के अनुसार आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला के एक मेल ने श्रीनिवासन के एक झूठ का भी पर्दाफाश कर दिया है। जिसमें यह दिखाया गया है कि चेन्नई सुपर किंग्स टीम के मालिकों में गुरूनाथ मयप्पन का भी नाम है। जबकि बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा था कि गुरूनाथ न तो टीम के ओनर हैं और न ही सीईओ।
कल आईपीएल के फाइनल मुकाबले में मुंबई की टीम ने चेन्नई को 23 रनों से हरा दिया। जिसके बाद विजेता टीम को ट्रॉफी देने आये श्रीनिवासन की मुंबई के दर्शकों ने हूटिंग की।