नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी राजस्थान रॉयल्स टीम के सदस्य शांताकुमारन श्रीसंत ने शुक्रवार को अपने ऊपर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान स्पॉट फिक्सिंग करने के आरोप स्वीकार कर लिए हैं। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "श्रीसंत ने अपने ऊपर लगे तमाम आरोप स्वीकार कर लिए हैं। पूछताछ के दौरान उनकी आंखें नम थीं।"
एस श्रीसंत से पहले राजस्थान रॉयल्स टीम के सदस्य अंकित चव्हाण ने अपने ऊपर लगे आरोप स्वीकार कर लिए थे। गिरफ्तार किए गए तीसरे खिलाड़ी अजीत चंदेला ने हालांकि अब तक आरोप स्वीकार नहीं किए हैं। चंदेला के वकील ने कहा है कि उनके मुवक्किल को जानबूझ कर फंसाया गया है। दिल्ली पुलिस विशेष प्रकोष्ठ के अधिकारी शुक्रवार सुबह से तीनों खिलाड़ियों से पूछताछ कर रहे हैं। इन पर पैसा लेकर गेंदबाजी के दौरान नियत समय पर नियत रन देने का आरोप है।
दिल्ली पुलिस ने तीनों को बुधवार देर रात मुम्बई से गिरफ्तार किया था। इस मामले में 11 सटोरिये भी कब्जे में लिए गए हैं। इन सबको दिल्ली की एक अदालत ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।