मुंबई। स्पॉट फिक्सिंग में शामिल पाये गये अभिनेता विंदू दारा सिंह ने एक चौकाने वाला बयान दिया है। पुलिस के अनुसार पहले मयप्पन का नाम लेने वाले विंदू ने अब यह कहा है कि मयप्पन की स्पॉट फिक्सिंग में कोई भूमिका नहीं है। जबकि पुलिस के पास इस बात के पूरे सबूत मौजूद हैं कि गुरूदास मयप्पन और विंदू दारा सिंह दोनों ही स्पॉट फिक्सिंग में शामिल रहे है। पुलिस के पास वो आडियो टेप भी है, जिसमें विंदू और मयप्पन की बातचीत रिकॉर्ड है।
गौरतलब है कि पुलिस ने जांच में यह पाया कि मयप्पन और विंदू के बीच दो महीने के दौरान 130 काल्स की गई। जिसके आधार पर यह निष्कर्ष निकाला जा रहा है कि दोनों ने फिक्सिंग की। विंदू ने ही पुलिस को पहले यह बताया था कि वह मयप्पन के द्वारा ही फिक्सिंग में पैसे लगाता था और फिक्सिंग में मयप्पन को एक करोड़ का नुकसान भी हो चुका है।
गुरूनाथ मयप्पन, बीसीसीआई अध्यक्ष के दामाद और चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ हैं। मयप्पन के कारण्ा ही एन श्रीनिवासन पर भी अपने पद से इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन श्रीनिवासन ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। वहीं बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने श्रीनिवासन का समर्थन करते हुए कहा है कि उन्हें इस्तीफा देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनका जुर्म अभी साबित नहीं हुआ है।
पुलिस ने आज फिक्सिंग में शामिल कई और क्रिकेटरों के नाम का खुलासा करने के बात की थी। बताया जा रहा है कि यह बड़े क्रिकेटर हैं। हालांकि अभी यह नहीं पता है कि यह खिलाड़ी कौन है।