'टीम नहीं चयनकर्ताओं की गलती से बाहर हुआ भारत', आकाश चोपड़ा ने गिनाई सेलेक्शन की खामियां
नई दिल्ली। साल 2013 के बाद से भारतीय टीम के लिये आईसीसी टूर्नामेंट में खिताब जीतने का सपना अभी दूर की कौड़ी बना हुआ है, जहां पिछले 8 सालों में खेले गये सभी टूर्नामेंट में भारतीय टीम जीत के करीब पहुंचकर खिताब जीत पाने में नाकाम हो रही थी तो वहीं पर यूएई में खेले जा रहे मौजूदा विश्वकप में विराट सेना सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी है। खिताब की दावेदार रही भारतीय टीम की इस नाकामी के बाद से ही टीम की आलोचना की जा रही है, हालांकि पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने खिताब के सूखे के पीछे चयनकर्ताओं को दोष दिया है और कहा कि हम लगातार एक ही तरह की गलती कर रहे हैं और जिस तरह से यह जारी है अगले साल होने वाले टी20 विश्वकप में भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
भारतीय चयन समिति ने विश्वकप से वापस लौटने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की टी20 सीरीज के लिये 16 सदस्यीय टी20 टीम का ऐलान किया है, जिस पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने चयन प्रक्रिया की खामियां गिनाई हैं। आकाश चोपड़ा ने इसे चयन प्रक्रिया की बुनियादी खामियां करार देते हुए कहा कि भारत एक नये भविष्य की टीम की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में उसे भविष्य में होने वाले टूर्नामेंट का ध्यान रखते हुए टीम का चयन करने में सावधानी बरतनी चाहिये।

लगातार यह गलती दोहरा रहे हैं सेलेक्टर्स
उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिये रोहित शर्मा को नया कप्तान नियुक्त किया गया है तो वहीं पर केएल राहुल टीम के उपकप्तान बनाये गये हैं। इसके साथ ही राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के नये कोच के रूप में काम करने वाले हैं। आकाश चोपड़ा ने टीम पर बात करते हुए कहा कि जब आप नई शुरुआत करने जा रहे हैं तो आप टीम का चयन किस तरह से करते हैं इस पर ध्यान रखना काफी जरूरी है।
अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा,'हमारे सिस्टम में यह बुनियादी खामी है, जिस पर मैं बात करने जा रहा हूं क्योंकि अब आप भविष्य के बारे में सोच रहे हैं। टी20 प्रारूप की टीम में जब आप खिलाड़ियों का चयन करने जा रहे हैं तो आपको टीम में उपलब्ध स्थान के हिसाब से उनका चयन करना चाहिये और जिस खिलाड़ी को आप सेलेक्ट करते हैं उसके प्रदर्शन पर भी ध्यान देना जरूरी है कि उसने किस नंबर पर खेलते हुए रन बनाये हैं।'

बन चुकी है चयन प्रक्रिया की बुनियादी खामी
चोपड़ा ने आगे बात करते हुए कहा कि आप आईपीएल के प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन करते हैं जो कि अच्छी बात है लेकिन जब आप उस खिलाड़ी का चयन करते हैं जिसने ओपनर के तौर पर रन बनाये हैं और उसे अंतर्राष्ट्रीय टीम में नंबर 5 पर बल्लेबाजी करनी पड़ेगी तो यह काम नहीं करेगा। उस खिलाड़ी ने अपने सारे रन पारी का आगाज करते हुए बनाये हैं तो आप कैसे उससे वैसे ही प्रदर्शन की आशा बल्लेबाजी में निचले क्रम पर कर सकते हैं। आकाश चोपड़ा ने कहा कि यह खामी हमारी चयन प्रक्रिया में अब बुनियादी रूप से शामिल हो गई है, जिसका खामियाजा हमें इस टी20 विश्वकप में भी भुगतना पड़ा है।
भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है जिसका आगाज 17 नवंबर (जयपुर) से होगा और बाकी के दो मैच 19 नवंबर (रांची), 21 नवंबर (कोलकाता) में खेले जायेंगे। वहीं टी20 सीरीज के बाद भारत को 2 टेस्ट मैच कानपुर और मुंबई में खेलने हैं।

3 मैचों के लिये 5 सलामी बल्लेबाज का तुक क्या है
आकाश चोपड़ा ने टीम सेलेक्शन पर बात करते हुए कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आपने रोहित शर्मा, केएल राहुल, ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और वेंकटेश अय्यर समेत 5 ओपनर्स चुने हैं जिसमें से रोहित और राहुल से आगाज करते हुए दिखना तय है तो बाकी के सलामी बल्लेबाजों को खेलने का मौका कब मिलेगा।
उन्होंने कहा,'हमने न्यूजीलैंड के खिलाप भारतीय टीम में 5 सलामी बल्लेबाजों का चयन किया है और हमें खेलने सिर्फ 3 ही मैच हैं, कोई मुझे समझाये कि कैसे सभी खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। रोहित और राहुल टीम के कप्तान और उपकप्तान हैं तो उनका खेलना तय है ऐसे में बाकी के बल्लेबाजों को कब मौका मिलेगा। वहीं अगर आप उन्हें किसी दूसरे नंबर पर खिलाते हैं और उनका प्रदर्शन वैसा नहीं होता है जिसके आधार पर मौका मिला है तो यह उनके साथ कितना न्याय होगा।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
