नई दिल्ली। रियो ओलंपिक से सुशील कुमार का नाम कटने के बाद सोशल मीडिया पर जस्टिस फॉर सुशील ट्रेंड कर रहा है। लोग सुशील कुमार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं और खेलमंत्री सर्वदानंद सोनवाल पर निशाना साध रहे हैँ।
रियो ओलंपिक में पेश-भूपति आ सकते हैं साथ
खुद सुशील कुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के माध्यम से लोगों को उन्हें सपोर्ट करने की अपील की है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ एक ट्रायल की मांग कर रहा हूं जो मुझे मिलना चाहिए।
सुशील कुमार ने ट्वीट करके लिखा है कि मेरे दोनों ओलंपिक मेडल को भूल जाइये, मेरी वर्ल्ड चैंपियन बेल्ट सहित अन्य खिताब को भूल जाइये। मैं सिर्फ एक चीज की मांग कर रहा हूं वह है एक ट्रायल की, जो भी बेहतर हो वह ओलंपिक के लिए जाए। सुशील कुमार ने कहा कि जो भी बेहतर हो वह ओलंपिक में जाये मैं देश की बात कर रहा हूं।
इसके अलावा सुशील कुमार ने 1996 में काका पवार और पप्पू यादव के बीच ट्रायल का उदाहरण देते हुए कहा है कि उस वक्त परंपरा कहां गयी थी जो आज मुझे परंपरा की दुहाई दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि मैं पिछले दो साल से ओलंपिक की तैयारी कर रहा हूं, ऐसे में मेरे साथ इंसाफ होना चाहिए।