विजेंदर बने नंबर वन
प्रतीक्षा घिल्डियाल
बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
ओलंपिक और विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप मुक़ाबलों में काँस्य पदक जीतने वाले भारतीय मुक्केबाज़ विजेंदर कुमार अब 75 किलोग्राम वर्ग में दुनिया के नंबर एक मुक्केबाज़ बन गए हैं.
इस मौक़े पर विजेंदर ने बीबीसी से विशेष बातचीत में कहा, "आज मेरे लिये बहुत बड़ा दिन है और सभी बॉक्सिंग प्रेमियों के लिये भी."
इस महीने की शुरुआत में मिलान में हुई विश्व चैंपियनशिप में पहली बार भारत को कोई पदक दिलाने वाले भिवानी के विजेंदर के कुल 2700 अंक हैं और वह मौजूदा चैंपियन उज़बेकिस्तान के अब्बोस अतोएव से भी ऊपर हैं.
अतोएव 2100 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं जबकि ओलंपिक के रजत पदक विजेता क्यूबा के एमिलियो कोरेआ बेयू 2500 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं.विजेंदर विश्व चैंपियनशिप के सेमीफ़ाइनल में अतोएव से ही हारे थे.
विजेंदर के अनुसार, "मैंने बीजिंग ओलंपिक से लौटने के बाद भी बहुत ट्रेनिंग की ताकि मेरे पिछले 10 साल की मेहनत सफल हो और मुझे फल तो मिला ही है."
विजेंदर कहते हैं, "मैं खुश तो हूँ ही और अब आगे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मुझे इससे प्रेरणा भी मिलेगी."
"बीजिंग से लौटने के बाद मेरे बारे में काफ़ी कुछ कहा गया कि मैं मुक्केबाज़ी से ज़्यादा और चीज़ों पर ध्यान दे रहा हूँ. लेकिन अब सब चुप हो गए हैं."
"मैं रोज़ कभी पटियाला में तो कभी भिवानी में ही पाँच से छह घंटे ट्रेनिंग करता हूँ. मैं अपना दिन सुबह पाँच बजे शुरू करता हूँ और रात को जल्दी सो जाता हूँ."
विजेंदर को इस बात की ख़ुशी है कि भारत में अब क्रिकेट के अलावा बॉक्सिंग जैसे और खेलों को भी तवज्जो दी जा रही है और वह इसमें मीडिया का बड़ा हाथ मानते हैं.
विजेंदर का अगला लक्ष्य अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में अच्छा प्रदर्शन करना है. इसके अलावा उनकी नज़र 2012 में होने वाले लंदन ओलंपिक खेलों पर भी है.
बाक़ी भारतीय मुक्केबाज़ों में लाइट फ़्लाई वेट (48 किलोग्राम) वर्ग में भारत के थोकचोम ननाओ सिंह तीन स्थान खिसककर 1400 अंकों के साथ आठवें स्थान पर आ गए हैं. इस साल चीन में हुई एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले ननाओ विश्व चैंपियनशिप के दूसरे दौर में हार गए थे.
इसके अलावा विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचने वाले दिनेश कुमार 81 किलोग्राम वर्ग में 1550 अंकों के साथ छठे स्थान पर बने हुए हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
