कोहली ने निस्वार्थ भाव से लिया कप्तानी छोड़ने का फैसला, माइकल वॉन-गांगुली ने की जमकर तारीफ
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार (16 सितंबर) को हैरान करते हुए टी20 विश्वकप के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप से कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। उल्लेखनीय है कि उनके इस ऐलान से पहले सोमवार को एक रिपोर्ट आयी थी जिसमें दावा किया गया था कि विराट कोहली सीमित ओवर्स प्रारूप की कप्तानी छोड़ने वाले हैं ताकि वह अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान लगा सकें। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि विराट कोहली टेस्ट प्रारूप में भारत की कप्तानी जारी रखेंगे लेकिन सीमित ओवर्स प्रारूप में रोहित शर्मा टीम की कमान संभालते नजर आयेंगे।
और पढ़ें: T20 में बेहद शानदार रहा है विराट कोहली की कप्तानी का रिकॉर्ड, आंकड़ों में दूसरे पायदान पर हैं काबिज
हालांकि जब गुरुवार को विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर अपनी कप्तानी छोड़ने के फैसले का ऐलान किया तो उन्होंने साफ किया कि वह सिर्फ टी20 क्रिकेट में ही टीम की कमान छोड़ रहे हैं, जबकि वनडे और टेस्ट क्रिकेट में वह टीम की कमान संभालते नजर आयेंगे। विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के फैसले का ऐलान करने के तुरंत बाद से ही सोशल मीडिया पर मैसेजेस की बाढ़ आ गई है, जहां कुछ दिग्गज खिलाड़ी इसे बहादुरी भरा फैसला बता रहे हैं तो वहीं पर इसे निस्वार्थ निर्णय करार दिया है।
और पढ़ें: विराट कोहली ने किया T20 कप्तानी छोड़ने का ऐलान, 2021 विश्वकप में आखिरी बार करेंगे कैप्टेंसी

भविष्य का ध्यान रखकर कोहली ने लिया फैसला
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी कप्तान विराट कोहली की तारीफ की है और कहा कि वह भारतीय टीम के लिये सही मायनों में अमूल्य देन हैं और उनका यह फैसला टीम के भविष्य को ध्यान में रखकर लिया गया है।
उन्होंने कहा,'विराट कोहली भारतीय टीम के लिये सही मायनों में काफी अहम साबित हुए हैं और उन्होंने जबरदस्त तरीके से टीम की कमान संभाली है। वह खेल के सभी प्रारूपों के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उन्होंने यह फैसला भारतीय टीम के भविष्य के रोडमैप को देखते हुए लिया है। हम विराट के बतौर कप्तान टीम में योगदान के लिये धन्यवाद करते हैं और आगामी टी20 विश्वकप के लिये उन्हें शुभकामनायें देते हैं और उम्मीद करते हैं कि वो इस टूर्नामेंट में ढेर सारे रन बनायें।'

कोहली ने किया है निस्वार्थ फैसला
वहीं इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी कोहली के फैसले की जमकर तारीफ की है और कहा कि उनका यह फैसला पूरी तरह से निस्वार्थ है।
उन्होंने लिखा,' बेहद शानदार..यह पूरी तरह से निस्वार्थ फैसला है और यह एक ऐसा फैसला है कि जो कि उन्हें सोचने के लिये थोड़ा समय दे देगा और मानसिक शांति देकर कुछ दबाव कम करेगा।'

भारतीय क्रिकेट के भविष्य को बनाना जारी रखेंगे कोहली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने भी विराट कोहली के योगदान की तारीफ की है और कहा कि टी20 विश्वकप के बाद भले ही विराट कोहली कप्तानी के पद से इस्तीफा दे रहे हैं लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर उनका योगदान जारी रहेगा।
उन्होंने कहा,'भारतीय टीम के भविष्य के लिये हमारा रोडमैप पूरी तरह से तैयार है। वर्कलोड और स्मूथ ट्रांजिशन का ध्यान रखते हुए विराट कोहली ने टी20 विश्वकप के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया है। विराट कोहली और टीम मैनेजमेंट के साथ मैं खुद इस फैसले के बारे में पिछले 6 महीनों से बात कर रहा था और उसी के बाद हम इस फैसले पर पहुंचा है। विराट कोहली भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ी और बल्लेबाज के रूप में अपना योगदान देना जारी रखेंगे और भारतीय क्रिकेट के भविष्य को तैयार करना जारी रखेंगे।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
