विजेंदर मुक्केबाज़ी में नंबर वन
ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप मुक़ाबलों में काँस्य पदक जीतने वाले भारतीय मुक्केबाज़ विजेंदर कुमार अब 75 किलोग्राम वर्ग में दुनिया के नंबर एक मुक्केबाज़ बन गए हैं.
इस महीने की शुरुआत में मिलान में हुई विश्व चैंपियनशिप में पहली बार भारत को कोई पदक दिलाने वाले भिवानी के विजेंदर के कुल 2700 अंक हैं और वह मौजूदा चैंपियन उज़बेकिस्तान के अब्बोस अतोएव से भी ऊपर हैं.
अतोएव 2100 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं जबकि ओलंपिक के रजत पदक विजेता क्यूबा के एमिलियो कोरेआ बेयू 2500 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं.
विजेंदर विश्व चैंपियनशिप के सेमीफ़ाइनल में अतोएव से ही हारे थे.
इस रैंकिंग के सामने आने के बाद समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में विजेंदर ने ख़ुशी ज़ाहिर की. विजेंदर ने कहा, "निश्चित तौर पर मैं दुनिया में सबसे ऊँची वरीयता पाकर काफ़ी ख़ुश हूँ. मुझे काफ़ी अच्छा लग रहा है और अब आगे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मुझे इससे प्रेरणा भी मिलेगी."
लाइट फ़्लाई वेट (48 किलोग्राम) वर्ग में भारत के थोकचोम ननाओ सिंह तीन स्थान खिसककर 1400 अंकों के साथ आठवें स्थान पर आ गए हैं.
इस साल चीन में हुई एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले ननाओ विश्व चैंपियनशिप के दूसरे दौर में हार गए थे.
विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचने वाले दिनेश कुमार 81 किलोग्राम वर्ग में 1550 अंकों के साथ छठे स्थान पर बने हुए हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications