वुड्स से पूछताछ करेगी पुलिस
दुनिया के जाने माने गोल्फ़ खिलाड़ी टाइगर वुड्स से फ़्लोरिडा पुलिस पूछताछ करना चाहती है. शुक्रवार की सुबह स्थानीय समयानुसार क़रीब ढाई बजे फ़्लोरिडा में अपने घर के सामने टाइगर वुड्स एक कार-दुर्घटना में घायल हो गए थे.
बताया जाता है कि ओरलांडो के पास एक बेहद मंहगे रिहायशी इलाक़े में उन्ही के घर के सामने उनकी कार अग्निशमन की एक पाइप को ठोकर मारती हुई एक पेड़ से जा टकराई थी.
जब वहाँ पुलिस पहुँची तो वह अर्ध-चेतन अवस्था में सड़क पर लेटे हुए थे. पुलिस को बताया गया कि दुर्घटना के बाद टाइगर वुड्स की पत्नी एलिन ने एक गोल्फ़ क्लब से कार के शीशे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला था.
बाद में उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहाँ से मरहम-पट्टी के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई थी.
शुरुआती ख़बरों में बताया गया था कि वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
फ़्लोरिडा हाईवे गश्ती दल के सार्जेंट किम मोन्टेस ने बताया कि शुक्रवार की शाम पुलिस ने टाइगर वुड्स से बात करने के लिए संपर्क करने की कोशिश की तो उनकी पत्नी ने बताया कि वह सो रहे हैं.
विन्डरमियर पुलिस विभाग के प्रमुख डेनिएल सेलर ने बताया कि जब उनके पुलिसकर्मी वहाँ पहुँचे तो टाइगर वुड्स सड़क पर लेटे हुए थे और उनकी पत्नी उनके पास खड़ी थीं.
उन्होंने बताया "हमारी जानकारी के मुताबिक़ कार दुर्घटना की आवाज़ सुनकर उनकी पत्नी बाहर आईं और उन्होंने एक गोल्फ़ क्लब से कार का पिछला शीशा तोड़कर उन्हें कार से बाहर निकाला फिर सड़क पर लिटा दिया. उनके होंठों पर चोट के निशान थे. और उनके मुँह में भी थोडा बहुत खून गया था. लेकिन हमारे पुलिसकर्मियों से बातचीत करने भर का होश उनमें था. और हमारे पुलिसकर्मियों के मुताबिक़ उनकी चोट प्राणघाती नहीं थी."
टाइगर वुड्स के कार्यालय और अस्पताल की ओर से जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया, "वुड्स की कार उनके घर के सामने मामूली रूप से दुर्घटनाग्रस्त हुई थी. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई."
टाइगर वुड्स ने गोल्फ़ के 14 बड़े ख़िताब जीते हैं. और पिछले साल उन्होंने 6 टूर्नामेंट जीते थे. और 14 बड़े खिताबों में से आख़िरी ख़िताब उन्होंने 2008 में अमरीका के ही रोको मेदीआते को 18 होल पे-ऑफ़ से हराकर जीता था जबकि उनके घुटने में चोट थी.
टाइगर वुड्स 1997 में 21 साल की उम्र में अपना पहला बड़ा ख़िताब जीतकर गोल्फ़ के जगत में एक मशहूर हस्ती के रूप में उभरे थे.टाइगर वुड्स और एलिन का विवाह 2004 में हुआ था और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
