वुड्स ने किया अफवाहों का खंडन
दुनिया के मशहूर गोल्फ़ खिलाड़ी टाइगर वुड्स ने अपनी वेबसाइट पर जारी किए गए एक बयान में उन अफवाहों को निराधार और द्वेषपूर्ण बताया है जिनमें कहा गया था कि शुक्रवार की सुबह उन्होंने अपने घर के पास ही एक कार दुर्घटना कर दी थी.
टाइगर वुड्स का कहना है कि घर के पास हुई कार दुर्घटना के लिए वे खुद ज़िम्मेदार हैं न कि कोई और. अपनी वेबसाइट पर जारी किए गए बयान में टाइगर वुड्स ने कहा, "मेरे और मेरे परिवार के बारे में कई तरह की झूठ, निराधार और द्वेषपूर्ण अफवाहें फैलीं हैं जो बिल्कुल ग़ैर ज़िम्मेदार हैं."
बताया जा रहा था की ओरलैंडो के पास एक बेहद महंगे रिहायशी इलाक़े में उन्हीं के घर के सामने वुड्स की कार अग्निशमन की एक पाइप को ठोकर मारती हुई एक पेड़ से जा टकराई थी.
जब वहाँ पुलिस पहुँची तो वह अर्ध-चेतन अवस्था में सड़क पर लेटे हुए थे. पुलिस को बताया गया कि दुर्घटना के बाद टाइगर वुड्स की पत्नी एलिन ने एक गोल्फ़ क्लब से कार के शीशे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला था. बाद में उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहाँ से मरहम-पट्टी के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई थी.
'घटना तनावपूर्ण'
इस बयान में टाइगर वुड्स ने अपनी पत्नी एलिन के साहस की भी तारीफ की है. टाइगर वुड्स ने वेबसाइट पर लिखा, "मेरी पत्नी एलिन ने बहुत बहादुरी दिखाई जब उसने मुझे मुसीबत में और घायल अवस्था में देखा. मेरी मदद करने वाली वे पहली शख्स थीं. इसके अलावा और कोई भी दावा बिल्कुल झूठ है."
वुड्स ने आगे लिखा है,"मेरी पत्नी एलिन, मेरे परिवार और ख़ुद मेरे लिए ये घटना बहुत तनावपूर्ण रही है. मैं इस विषय में अपना भला चाहने वालों की चिंताओं को समझता भी हूँ. साथ ही मेरे परिवार को फ़िलहाल अकेले छोड़ देना चाहिए."
टाइगर वुड्स ने गोल्फ़ के 14 बड़े ख़िताब जीते हैं और पिछले साल उन्होंने छह टूर्नामेंट जीते थे. टाइगर वुड्स 1997 में 21 साल की उम्र में अपना पहला बड़ा ख़िताब जीतकर गोल्फ़ के जगत में एक मशहूर हस्ती के रूप में उभरे थे.टाइगर वुड्स और एलिन का विवाह 2004 में हुआ था और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
