टोगो 'अफ़्रीका कप में खेलेगी'
टोगो की फ़ुटबॉल टीम ने अफ्रीका कप ऑफ़ नेशंस में भाग लेने का फैसला किया है.
टीम के कुछ खिलाड़ियों ने ये फैसला उस समय लिया है जबकि टोगो सरकार ने टीम को अफ़्रीका कप ऑफ़ नेशंस से हटाने का फ़ैसला किया था.
समाचार एजेंसी एफपी से हुई बात में टोगो फ़ुटबॉल टीम के खिलाड़ी थामस दोसेवी ने कहा कि टीम के सदस्य अंगोला में उन तीन लोगों की याद में रुकना चाहते हैं जिनकी खिलाड़ियों की बस पर हुई गोलीबारी के दौरान मौत हो गई थी.
एक और समाचार एजेंसी से हुई बात में टोगो टीम के खिलाड़ी एलैक्सिस रोमाओ को ये कहते पाया गया कि टीम कायरों की तरह नहीं जाएगी.
उधर टोगो की सरकार ने अंगोला की सरकार से पूछा है कि काबिंडा इलाके से टीम के सफ़र करने के फैसले पर मंडराने वाले खतरे के बारे में पहले से चेतावनी क्यों नहीं जारी की गई.
इससे पहले अंगोला की सरकार ने इस बात पर हैरानी जताई थी कि आखिर टोगो की फ़ुटबॉल टीम ने कांगो के अपने ठिकाने से अंगोला तक सड़क मार्ग से जाने का फ़ैसला क्यों किया.
शुक्रवार को हुए घातक हमले में दो खिलाड़ियों को गोली लगी थी और और बस के ड्राइवर की मौत हो गई थी. हमले में घायल होने वालों में दो खिलाड़ी, एक सहायक मैनेजर, फ़िज़ियो, गोलकीपिंग कोच और एक अन्य कोच शामिल थे.
जब वाहन कॉंगो से अंगोला के काबिंदा में प्रवेश कर रही थी तो हमलावरों ने मशीन गन से हमला कर दिया था.
अंगोला की सरकार ने इसे आतंकवाद की घटना बताया है. टोगो की टीम को काबिंदा में सोमवार को पहला मैच खेलना था.
अफ़्रीकी फ़ुटबॉल महासंघ का कहना है कि टोगो की टीम को सड़क मार्ग के बजाए हवाई यात्रा करनी चाहिए थी.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
