Tokyo Olympics : कुश्ती में शानदार प्रदर्शन जारी, दीपक पूनिया भी पहुंचे सेमीफाइनल में
टोक्यो । कुश्ती में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। पहले रवि दहिया ने जीत हासिल कर सेमीफाइनल के लिए जगह बनाई तो अब दीपक पूनिया ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती के 86 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय पहलवान दीपक पूनिया एकतरफा जीत दर्ज करते हुए कमाल कर दिया है।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय पहलवान दीपक पूनिया ने भी गजब का खेल दिखाया और चीन के लिन जुशैन को 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दीपक ने पहले राउंड में ही बढ़त बना ली थी, लेकिन दूसरे राउंड में चीनी पहलवान ने वापसी की। मुकाबला 3-3 से बराबरी पर आ चुका था, लेकिन दीपक ने वापसी करने के लिए अपने दांव पूरे जोश से आजमाना शुरू कर दिए। दीपक ने जबरदस्त दांव लगाते हुए लिन को पलटकर 2 अंक और बटोर लिए और राउंड के समाप्त होने के 10 सेकंड पहले 5-3 की बढ़त बना ली। दीपक की जीत तय थी, लेकिन चीनी पहलवान ने इस निर्णय को चुनौती दी, जिसे जजों ने खारिज कर दिया और दीपक को एक बोनस अंक और मिल गया। ऐसे में पूनिया ने 6-3 से मैच अपने नाम कर लिया।
अब दीपक का सेमीफाइनल में अमेरिका के मोरिस डेविड टेलर से होगा, जो सैन मरिनो के नजेम माइलेस अमिने को क्वार्टर फाइनल में 12-2 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
इससे पहले दूसरी वरीयता प्राप्त पूनिया ने प्री-क्वार्टर फाइनल में 12-1 से नाइजीरिया के एकरेकेमे एगियोमोर को मात दी थी। यह मुकाबला दूसरे राउंड में ही समाप्त हो गया। पहले राउंड में ही पूनिया हावी होते दिखे। उन्होंने पहले राउंड में 4-1 से बढ़त बनाई थी। दूसरे राउंड में भी पूनिया ने नाइजीरिया के पहलवान को कोई भी माैका नहीं दिया और लगातार अंक बटोरते रहे। पूनिया ने 8-1 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद उन्होंने जैसे ही लगातार 4 अंक बटोरे तो रैफरी ने मैच रोकते हुए 12-1 से पूनिया को विजयी घोषित कर दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
