टोक्यो, 25 जुलाई। ओलंपिक में भारतीय उम्मीदों को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब 10 मीटर शूटिंग में मनु भाकर मेडल राउंड से बाहर हो गईं। मनु भाकर की पिस्टल में कुछ तकनीकी खामी भी आ गई थी, जिसकी वजह से उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मेडल राउंड से बाहर होने के बाद मनु भाकर की आलोचना हो रही है कि वह ओलंपिक में दबाव को नहीं झेल सकीं और बड़े मैच में नर्वस हो गईं। लेकिन अब उनके बचाव में हिना सिद्धू उतर आई हैं।
2 अंक से चूकी मनु
दरअसल क्वालिफिकेशन राउंड में मनु ने 15 शॉट के बाद लंबा ब्रेक लिया था। 60 शॉट के राउंड में उनके लिए यह लंबा ब्रेक काफी भारी साबित हुआ, जिसकी वजह से फैंस ने उनकी आलोचना शुरू कर दी। लेकिन फिर जो रिपोर्ट सामने आई उसके बाद यह बात पता चली कि मनु की पिस्टल में कुछ दिक्कत आ गई थी, जिसके बाद उन्हें उसे बदलना पड़ा और इस दौरान उनका बेशकीमती समय बर्बाद हो गया। बता दें कि मनु टॉप 8 में जगह नहीं बना सकीं और 575 अंक के साथ वह 12वे पायदान पर रहीं और फाइनल में सिर्फ 2 अंक से जगह बनाने से चूक गईं।
हिना ने किया बचाव
हिना ने ट्वीट करके मनु भाकर का बचाव किया। उन्होंने कहा कि मैं उन तमाम लोगों से कहना चाहती हूं जो अपने फैसले सुना रहे हैं और कह रहे हैं कि दबाव में मनु भाकर बिखर गईं। मुझे अभी मनु की पिस्टल के बारे में विस्तार से जानकारी मिली है कि आखिर उसमे क्या दिक्कत हुई थी। वो दबाव में बिखरीं नहीं बल्कि उन्होंने दबाव में खुद को उठाया। 34 मिनट से कम समय में 575 का स्कोर हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि है नाकि बिखरना।
लोगों को प्रदर्शन समझना चाहिए, नंबर नहीं
हिना ने कहा कि मनु भाकर बहुत करीब थीं, वह इतना करीब थीं कि अगर आखिरी शॉट उन्होंने 10 मीटर के अंदर मार दिया होता तो वह फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गई होती। लेकिन उनके हथियार में दिक्कत की वजह से उनका मैच के दौरान अहम समय बर्बाद हुआ। लिहाजा किसी भी खिलाड़ी को आप जज करना बंद कीजिए क्योंकि आप उसे सिर्फ नंबर के आधार पर जज करते हैं, आपके लिए सिर्फ यही मायने रखता है। खिलाड़ी के प्रदर्शन को भी समझने की कोशिश करिए। बता दें कि मनु भाकर का ओलंपिक में सफर अभी खत्म नहीं हुआ है, उनके पास 25 मीटर एयर पिस्टल में मेडल जीतने का मौका है, वो सौरभ चौधरी के साथ मिक्स डबल्स इवेंट में नजर आएंगी।