BCCI अध्यक्ष सीके खन्ना ने कहा- मनमाने ढंग से चुना गया भारत-अफगानिस्तान टेस्ट के लिए वेन्यू
नई दिल्ली। बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने आरोप लगाया है कि क्रिकेट बोर्ड के कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी ने जून में भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले टेस्ट मैच के लिए बेंगलुरु को मनमाने ढंग से चुना है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासकों की नियुक्त समिति (सीओए) और बीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल जोहरी को भेजे गए एक मेल में खन्ना ने अमिताभ चौधरी को 31 जनवरी को दिल्ली में क्रिकेट बोर्ड की दौरा एवं कार्यक्रम समिति (टूर, प्रोग्राम एंड फिक्स्चर) की बैठक बुलाने की सलाह दी है। इस बैठक में "खेल के लिए वेन्यू पर चर्चा और/ या बेंगलुरू के नाम पर पुष्टि" हो सकती है।
बता दें कि अफगानिस्तान क्रिकेट संघ के साथ बैठक के बाद बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने कल घोषणा की थी कि यह ऐतिहासिक टेस्ट मैच 14 से 18 जून के बीच बेंगलुरू में खेला जाएगा। खन्ना को स्थल के चुनाव को लेकर आपत्ति नहीं है लेकिन दौरा एवं कार्यक्रम समिति की चर्चा के बिना घोषणा करने पर उन्हें आपत्ति है जिसके बारे में उनका कहना है कि उसे इस पर फैसला करने का अधिकार है।
खन्ना ने चौधरी को भेजे पत्र में लिखा है, 'मैं आपको स्थल के चयन नहीं बल्कि इससे जुड़ी प्रक्रिया के संबंध में लिख रहा हूं। आपने जो फैसला किया है मैं उस पर सवाल नहीं उठा रहा हूं लेकिन यह उचित मंच पर किया जाना चाहिए था।'
खन्ना ने आगे लिखा कि 'अब तथ्य यह है कि कई ऐसे देश हैं जो चाहते हैं कि अफगानिस्तान उनके यहां से टेस्ट की शुरुआत करे। अगर हम औपचारिकताओं के लिए प्रतीक्षा करते रहते, तो इन देशों में पहल की जा सकती थी। यही कारण है कि अफगानिस्तान को भारतीय मिट्टी पर अपना पहला टेस्ट खेलना सुनिश्चित करने के लिए हमने उनसे संपर्क करने का निर्णय लिया। उन्हें एक मीटिंग के लिए बुलाया गया, जो कल हुई।'
खन्ना ने लिखा है, 'यह हमारे लिये जरूरी है कि ऐतिहासिक महत्व वाले इस फैसले की पवित्रता बनी रहे। इसलिए मैं आपको भारत और अफगानिस्तान के बीच मैच के स्थल पर फैसला करने या मंजूरी देने के लिये 31 जनवरी को दिल्ली में दौरा एवं कार्यक्रम समिति की बैठक बुलाने की सलाह देता हूं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
