यूएस ओपन टेनिस प्रतियोगिता में एक बड़े उलटफेर में एंडी रॉडिक और मारिया शारापोवा बाहर हो गए हैं. फ़ेडरर चौथे दौर में पहुँच गए हैं.
एंडी रॉडिक शीर्ष 16 नंबर खिलाड़ियों में से एक थे और उनकी हार को प्रतियोगिता का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है. उन्होंने 2003 का यूएस ओपन जीता था और जुलाई में खेली गई विंबल्डन प्रतियोगिता वो जीतने से चूक गए थे. उन्हें अमरीका के ही जॉन इसनर ने 7-6, 6-3, 3-6, 5-7,7-6 से हराया.
छह फुट नौ इंच लंबे जॉन इसनर ने जीत के बाद कहा,'' ये मेरे जीवन की सबसे बड़ी जीत है. मैं जानता था कि मैं कुछ उलटफेर कर सकता हूँ लेकिन मैं अभी संतुष्ट नहीं हूँ.''
दूसरी ओर महिला सिंगल्स मुक़ाबले में 17 वर्षीय मैलीन ऑडिन ने पू्र्व नंबर एक खिलाड़ी मारिया शारापोवा को हरा दिया. मैलीन ने ये मैच 3-6, 6-4, 7-5 से जीता. इधर रोजर फ़ेडरर ने कड़े मुक़ाबले में लेटन हेविट को 4-6, 6-3, 7-5, 6-4 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया. फ़ेडरर ने हेविट को लगातार 14 बार हराया है.
जीत के बाद फ़ेडरर ने कहा,''मैं जानता था कि लेटन हेविट से एक सेट पिछड़ जाने के बाद परिस्थितियाँ कठिन हो गई थीं. एक और ग़लती का मतलब था कि गेम से बाहर हो जाना.''