Ind Vs Aus: तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया का कैसा होगा प्लेइंग 11, रवि शास्त्री ने दिए संकेत
Ind Vs Aus: एडीलेड टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद भारतीय टीम ने एमसीजी में जबरदस्त वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से मात दे दी। मैच में जीत के साथ ही चार टेस्ट मैचों की सीरीज में अब दोनो ही टीम 1-1 से बराबरी पर है। इस मैच में जीत के बाद कप्तान अजिंक्या रहाणे और कोच रवि शास्त्री ने एक बार फिर से इस बात को दोहराया है कि वह बाकी के दो टेस्ट मैचों में भी पांच गेंदबाजों के साथ खेलने की अपनी रणनीति पर कायम रहेंगे। टीम इंडिया के पांचवे गेंदबाज रवींद्र जडेजा ने इस मैच में बतौर ऑलराउंडर जबरदस्त प्रदर्शन किया और उमेश यादव के चोटिल होकर बाहर जाने के बाद जडेजा ने उनकी कमी की अच्छी भरपाई की। बता दें कि दूसरे टेस्ट में उमेश यादव के टखने में चोट लग गई जिसके बाद वह लड़खड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे।

जडेजा बेहतरीन ऑलराउंडर
उमेश यादव के चोटिल होने के बाद बाहर जाने से टीम इंडिया को खास दिक्कत नहीं हुई और ना ही जसप्रीत बुमरा और आर अश्विन पर अतिरिक्त ओवर का दबाव पड़ा। इसकी बड़ी वजह थे रवींद्र जडेजा क्योंकि उन्होंने दूसरी पारी में 14 ओवर गेंदबाजी की और दो विकेट अपने नाम किए। मैच में जीत के बाद रहाणे ने कहा कि हमारे लिए पांच गेंदबाजों की रणनीति ने अच्छा काम किया। हम रवींद्र जडेजा को ऑलराउंडर के तौर पर लेने के बारे में सोच रहे थे और वह हमारे लिए बेहतरीन साबित हुए।

इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
वहीं मैच में जीत के बाद टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने कहा कि हम पांच गेंदबाजों की रणनीति के साथ ही आगे बढ़ेंगे। अगर उमेश यादव फिट नहीं हैं तो इस बात की संभावना है कि 7 जनवरी से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम मैनेजमेंट नवदीप सैनी, टी नटराजन या शार्दुल ठाकुर को टीम में शामिल कर सकता। चायनामैन कुलदीप यादव को भी टीम में शामिल किया जा सकता है। रवि शास्त्री ने रवींद्र जडेजा की तारीफ करते हुए वह एक मंझे हुए ऑलराउंडर हैं जोकि टीम में एक अतिरिक्त खिलाड़ी की जगह बनाने देने की संभावना देते हैं।

टीम को संतुलन देते हैं रवींद्र जडेजा
रवि शास्त्री ने कहा कि रवींद्र जडेजा बेहतरीन ऑलराउंडर हैं और यही वजह है कि वह यहां हैं। वह नंबर 5 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं, नंबर 6 पर भी जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। वह टीम में जबरदस्त संतुलन लाते हैं। जब आप विदेश में खेल रहे होते हैं तो इस बात की संभावना होती है कि एक गेंदबाज चोटिल हो जाए, जैसा कि आपने उमेश यादव के साथ देखा। रवींद्र जडेजा और आर अश्विन तेज गेंदबाजों को आराम भी देते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
