Cricket News: भारतीय स्टार क्रिकेटर शुभमन गिल के प्रदर्शन को लेकर अक्सर दिग्गजों के रिएक्शन आते रहते हैं। इस बीच भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने शुभमन गिल के पिता को अपने बेटे का लगातार मार्गदर्शन करने और आधुनिक युग में 'ध्यान भटकाने' से दूर रखने का श्रेय दिया है।
वसीम ने गिल के पिता की तुलना सचिन तेंदुलकर के बड़े भाई अजीत से की है। उन्होंने कहा कि सचिन के करियर में उनके भाई ने भी इसी तरह का सपोर्टिंग रोल निभाया।
शुभमन गिल ने आईपीएल में किया कमाल का प्रदर्शन
गिल पिछले 12 महीनों में बल्ले से शानदार फॉर्म में रहे हैं। जबकि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सभी फॉर्मेट में शतक अपने नाम किए हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने आईपीएल 2023 में भी शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने 17 मैचों में 59.33 की औसत से 890 रन बनाए, जोकि जीटी के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी साबित हुए। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और चार अर्द्धशतक अपने नाम किए।
वसीम जाफर ने की शुभमन गिल के पिता की प्रशंसा
जाफर ने बल्लेबाज की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए क्रिकेटर के पिता की प्रशंसा की। स्पोर्ट्सकीड़ा पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, 'वह अच्छा कर रहा है इसका एक कारण यह है कि उसके पिता हमेशा उसके साथ हैं। वह कोई है जो बागडोर संभाल रहा है। आज के सोशल मीडिया के युग में कई तरह की परेशानियां हैं। हमने इसे सचिन तेंदुलकर के साथ भी देखा है, उनके भाई हमेशा उनके साथ रहे। भले ही वह खुद महान थे, लेकिन उनके पास हर समय उनका मार्गदर्शन करने वाला कोई न कोई था।'
उन्होंने कहा कि, 'आधुनिक समय में यह बहुत आवश्यक है, जहां बहुत अधिक भटकाव हैं, कोई ऐसा होना चाहिए जो आप पर नजर रख सके और आपको बता सके कि क्या सही है और क्या गलत। गिल बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन यह उनके अच्छे प्रदर्शन का एक कारण है।'
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ बल्लेबाज के शतक बनाने के बाद हाल ही में गिल और उनकी बहन की ट्रोलिंग का जिक्र करते हुए जाफर ने कहा कि, 'जब आप अच्छा करते हैं तो सोशल मीडिया आपको एक पायदान पर खड़ा कर देता है, लेकिन जब आप असफल होते हैं तो आपको क्रूरता से ट्रोल करते हैं। हमने देखा जब उन्होंने आरसीबी के खिलाफ शतक लगाया तो उन्हें कितनी बुरी तरह ट्रोल किया गया। यह अच्छी बात है कि उनके पिता उनके साथ हैं और हर समय उनका मार्गदर्शन करते हैं।'
गिल ने बेंगलुरु में आरसीबी के खिलाफ गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए 52 गेंदों में नाबाद 104 रनों की पारी खेली। पारी ने जीटी को छह विकेट से जीत दिलाई, बैंगलोर को आईपीएल 2023 से बाहर कर दिया।