WBBL 2021: बेकार गई स्मृति मंधाना की शतकीय पारी, 17 बाउंड्रीज लगाकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे महिला बिग बैश लीग में बुधवार को सिडनी थंडर्स और मेलबर्न रेनेगेडस के बीच खेले गये मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दो सुपरस्टार खिलाड़ी एक दूसरे के सामने उतरे थे, जिसमें एक खिलाड़ी ने अपनी बल्लेबाजी से दिल जीता तो वहीं पर दूसरे ने मैच। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बैटर स्मृति मंधाना सिडनी थंडर्स की ओर से खेल रही हैं जबकि हरमनप्रीत कौर मेलबर्न रेनेगेडस की टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। मैकॉय के हारुप पार्क में खेले गये इस मैच में स्मृति मंधाना ने नाबाद 114 रनों की पारी खेलकर टी20 क्रिकेट का अपना पहला शतक लगाया लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही।
सिडनी थंडर्स को जीत के लिये आखिरी गेंद पर 6 रनों की दरकार थी लेकिन स्मृति मंधाना सिर्फ 1 रन ही बना सकी और मेलबर्न रेनेगेडस की टीम ने 4 रनों से मैच जीत लिया। मेलबर्न रेनेगेडस की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 175 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में सिडनी थंडर्स की टीम 2 विकेट खोकर 171 रन ही बना सकी।
और पढ़ें: IND vs NZ, 1st T20I: जयपुर में वेंकटेश अय्यर को मिला डेब्यू का मौका, पहले मैच को लेकर जानें क्या कहा

हरमनप्रीत कौर ने बल्ले और गेंद से किया प्रभावित
सिडनी थंडर्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का फैसला किया शानदार शुरुआत करते हुए मेलबर्न रेनेगेडस के 2 विकेट महज 9 रन पर हासिल कर लिये।
हालांकि यहां से भारतीय टी20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 81) ने एवेलिन जोन्स (42) के साथ तीसरे विकेट के लिये 91 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला तो वहीं चौथे विकेट के लिये जेस डफिन (33) के साथ चौथे विकेट के लिये 75 रनों की साझेदारी कर टीम को 175 के स्कोर पर पहुंचा दिया। हरमनप्रीत कौर ने 55 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 81 रनों की पारी खेली।

मंधाना ने की गार्डनर के रिकॉर्ड की बराबरी
जवाब में सिडनी थंडर्स के लिये स्मृति मंधाना (नाबाद 114) ने ताहिला विल्सन (नाबाद 33) के साथ तीसरे विकेट के लिये नाबाद 124 रनों की साझेदारी की पर अपनी टीम को जीत दिलाने से चूक गई। स्मृति मंधाना ने 64 गेंदों का सामना कर 14 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 114 रनों की पारी खेली और बिग बैश लीग में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी।
इतना ही नहीं स्मृति मंधाना महिला बिग बैश लीग की एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर की लिस्ट में संयुक्त रूप से टॉप पर काबिज हो गई हैं। स्मृति मंधाना ने इस मामले में ऑस्ट्रेलियाई बैटर एश्ले गार्डनर के रिकॉर्ड की बराबरी की है।

ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
गौरतलब है कि सिडनी थंडर्स को फाइनल में पहुंचने के लिये इस मैच में जीत की दरकार थी। स्मृति मंधाना ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से अकेले दम पर मैच को उस परिस्थिति में पहुंचा दिया जहां पर उसकी टीम को जीत के लिये आखिरी गेंद पर 6 रन की दरकार थी। मेलबर्न रेनेगेडस की ओर से हरमनप्रीत कौर पारी का आखिरी ओवर करने आयी थी जिसकी आखिरी गेंद पर मंधाना ही बल्लेबाजी कर रही थी। मंधाना ने जिस तरह की पारी खेली थी उसके बाद सभी को यह उम्मीद थी कि वो छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलायेंगी पर ऐसा हो नहीं सका और मेलबर्न की टीम ने जीत हासिल कर ली।
रेनेगेडस के लिये कप्तान सोफी मॉलिनेक्स ने लय को बदला जिन्होंने 19वें ओवर में सिर्फ 9 रन दिये और मंधाना के सामने आखिरी ओवर में जीत के लिये 13 रनों का लक्ष्य रख दिया। इस जीत के साथ रेनेगेडस की टीम ने एक बार फिर से टॉप स्पॉट हासिल कर लिया है और सीधे फाइनल में पहुंच गये हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications