पोर्ट ऑफ स्पेन। हाल ही में वेस्टइंडीज टीम के भारत दौरा को बीच में छोड़े जाने पर काफी विवाद हुआ था। वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने बोर्ड के साथ विवाद के चलते भारत का दौरा बीच में रद्द कर दिया था। वहीं इस दौरे को बीच में रद्द करने के पीछे सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
कैरेबियाई टीम से बाहर हुए एक खिलाड़ी ने टीम के कप्तान ड्वेन ब्रावो पर भारत दौरा बीच में रद्द करने के लिए रुपए लेने का आरोप लगाया है। खिलाड़ी का दावा है कि ब्रावो की संदेहास्पद भूमिका के चलते ही उन्हें टीम की कप्तानी के पद से भी हटा दिया गया ।
वहीं सूत्रों की मानें तो आगामी विश्व कप में ब्रावो की टीम से कप्तानी भी छीन ली गयी है। साथ ही आगामी दक्षिण अफ्रीका के साथ होने वाली सीरीज में भी उनको जगह नहीं दी गयी है। ब्रावो के साथ डैरेन सैमी और केरोन पोलार्ड को भी टीम में जगह नहीं मिली है।
वेस्टइंडीज की ओर से चार टेस्ट मैच खेल चुके ब्रायन डेविस ने कहा कि अक्टूबर में भारत दौरे पर गई कैरेबियाई टीम सबसे मजबूत टीम थी और टीम में किए गए मौजूदा बदलाव भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान उठे विवाद का नतीजा हैं। डेविस ने कहा कि ब्रावो की कप्तानी छिनने की मुख्य वजह यही थी कि उन्होंने दौरा रद्द कराने में अहम भूमिका निभायी।