इंग्लिश फ़ुटबॉल क्लब वीगन के खिलाड़ियों ने अपनी टीम की शर्मनाक हार के बाद अपने फैंस के टिकट के पैसे लौटाने का फ़ैसला किया है.
इंग्लिश फ़ुटबॉल क्लब वीगन के खिलाड़ियों ने अपनी टीम के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद अपने प्रशंसकों के टिकट के पैसे लौटाने का फ़ैसला किया है.
वीगन के कप्तान मारियो मेलशियोट ने क्लब की आधिकारिक वेबसाइट में कहा है कि खिलाड़ी ये स्वीकार करते हैं कि उन्होंने अपने प्रशंसकों को निराश किया है. उन्होंने कहा, “दर्शकों की हमारे प्रति वफ़ादारी के लिए हमें उनके पैसे लौटाने होंगे."
बीते रविवार इंग्लिश प्रीमियर लीग के एक मैच में वीगन को टोटेनहैम के हाथों 9-1 से हार का मूंह देखना पड़ा था. ऐसा प्रीमियर लीग में दूसरी बार हुआ है. इससे पहले 1995 में मैनचेस्टर यूनाइटेड ने इप्सविच को 9-0 से हराया था.
वैसे इस सीज़न में वीगन का बुरा हाल है. इस टीम ने पिछले दो मैचों में 13 गोल खाए हैं.
टीम के कैप्टन मेलशियोट ने माना कि उनके पास टीम के ख़राब प्रदर्शन पर ज़्यादा कुछ कहने को नहीं हैं, “यहाँ ज़्यादा कहने को नहीं है, सिर्फ़ इतना कि पेशेवर खिलाड़ी होने के नाते हम अपने प्रदर्शन से शर्मसार हैं. हमें लगता कि हम अपने स्तर से कहीं नीचे खेले. हमें ये भी लगता है कि पैसे लौटाना अपने प्रशंसकों के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी है. "
पैसे वापस
वीगन क्लब के अधिकारियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि क्लब के जिस भी प्रशंसक ने इस मैच को देखने के लिए स्टेडियम का टिकट खरीदा था वो क्लब के टिकट दफ़्तर में आकर अपने टिकट के पूरे पैसे वापस ले सकता है.
समर्थक अपने टिकट के पैसे चार दिसंबर तक वापस ले सकते हैं.
वीगन के मीडिया प्रमुख ऐड जोंस ने बीबीसी को बताया, “खिलाड़ियों ने मुझ से कहा है कि मैं इस बात की जानकारी ना दूं कि खिलड़ियों द्वारा कितना धन वापस लौटाया जाएगा. "
मैच
रविवार को हुए उस मैच में टोटेनहैम के फ़ॉर्वर्ड जर्मेन डेफ़ो ने पांच गोल किए थे. इसके अलावा पीटर क्राउच. ऐरोन लेनन और निको क्रांजार ने भी एक-एक गोल दागा.
वीगन के लिए ये काला रविवार कितना बदकिस्मत था इसका अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि टीम के गोलकीपर क्रिस कर्कलैंड ने एक गेंद अपनी ही गोल पोस्ट के अंदर धकेल डाली.
वैसे इस सप्ताहांत वीगन के पास अपनी खोई इज़्ज़त संवारने का मौक़ा होगा जब वो इंग्लिश प्रीमियर लीग में संडरलैंड के सामने होंगे.