रणजी ट्रॉफी : हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 9 विकेट से हराया (लीड-1)
उत्तर प्रदेश की दूसरी पारी 174 रनों पर समेटने के बाद हरियाणा को जीत के लिए 69 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उनसे एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले नितिन सैनी (22) जल्दबाजी में अपना विकेट गंवा बैठे लेकिन राहुल दीवान ने पहली पारी की तरह संभलकर खेलते हुए नाबाद 34 रन बनाए।
सैनी का विकेट भुवनेश्वर कुमार को मिला। कुमार ने इस मैच में कुल सात विकेट झटके। दीवान ने पहली पारी में सबसे अधिक 76 रन बनाए थे। सनी सिंह सात रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह हरियाणा ने मैच के तीसरे दिन ही जीत हासिल कर ली। हरियाणा ने 20 ओवरों की बल्लेबाजी के बाद निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया।
इससे पहले, वेस्टइंडीज में 2007 में खेले गए ट्वेंटी-20 विश्व कप के माध्यम से शोहरत बटोरने वाले जोगिंदर ने गुरुवार को शिवकांत शुक्ला (18), एकलव्य द्विवेदी (1) और आमिर खान (0) का विकेट झटककर उत्तर प्रदेश को करारा झटका दिया था जबकि शुक्रवार को उन्होंने कप्तान मोहम्मद कैफ (11), पीयूष चावला (4) और रुद्र प्रताप सिंह (2) को चलता किया।
गुरुवार को 33 रन पर नाबाद लौटे सलामी बल्लेबाज तन्मय श्रीवास्तव (60) और परविंदर सिंह (नाबाद 58) को छोड़कर उत्तर प्रदेश का कोई भी बल्लेबाज जोगिंदर और सचिन की गेंदों के आगे नहीं टिक सका। सचिन ने तन्मय को चलता किया, जिन्होंने 137 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए।
दूसरी ओर, परविंदर ने अपनी 98 गेंदों की आकर्षक पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। उत्तर प्रदेश के नौ बल्लेबाज ही बल्लेबाजी कर सके क्योंकि चोटिल होने के कारण सुदीप त्यागी पिच पर नहीं आ सके।
उत्तर प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 167 रन बनाए थे जबकि हरियाणा ने अपने शीर्ष क्रम की सफलता के बूते 272 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की थी।
पहली पारी में जोगिंदर एक विकेट हासिल कर सके थे लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए छह विकेट अपनी झोली में डाले और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण अंक सुरक्षित किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications