राष्ट्रमंडल खेल : निशानेबाजों और पहलवानों ने दिलाए 5 स्वर्ण (लीड-4)
भारतीय पहलवानों ने ग्रीको रोमन कुश्ती के तीन वर्गो क्रमश : 60 किलोग्राम, 74 किलोग्राम और 94 किलोग्राम वर्ग में अपना झंडा लहराया। 60 किलोग्राम वर्ग में रवींद्र कुमार, 74 किलोग्राम वर्ग में संजय कुमार के कारनामे के बाद 94 किलोग्राम वर्ग में अनिल कुमार ने जीत हासिल कर भारत की झोली में पांचवां स्वर्ण पदक डाला।
संजय ने दक्षिण अफ्रीका के रिचर्ड ब्रायन एडीनाल को 2-0 से पराजित किया। संजय ने क्वालीफाइंग में सामोआ के लाउपुले इकेरोमा को 3-0 से हराया था। सेमीफाइनल में संजय ने नाइजीरिया के प्रेफेगा किरिबेन को 2-0 से हराने में सफलता हासिल की थी।
60 किलोग्राम वर्ग में भारत के रवींद्र कुमार ने ब्रिटेन के टेरेस बॉसन को 7-0 से पराजित किया। रवींद्र ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में मंगलवार को घरेलू दर्शकों की हौसला अफजाई के बीच क्वालीफाइंग में श्रीलंका के एएसएसडी कुमार को 13-0 से पराजित किया।
इसके बाद भी रवींद्र का सफर जारी रहा। मंगलवार को ही खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में वह नाइजीरिया के जोसफ रोमिया पर 8-0 से हावी रहे थे।
अनिल ने आस्ट्रेलिया को एच. फिकीरी को 6-0 से पराजित किया। ग्रीको रोमन कुश्ती को पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया गया है।
उधर भारतीय निशानेबाजों ने उम्मीदों के अनुरूप शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को दो स्वर्ण और एक रजत पदक दिलाया।
कर्णी सिंह रेंज में अभिनव बिंद्रा और गगन नारंग की जोड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण जीता। दिल्ली में तीन अक्टूबर से शुरू हुए इन खेलों में भारत के लिए यह पहला स्वर्ण पदक रहा। दूसरी ओर निशानेबाजी में ही महिलाओं ने एक स्वर्ण पदक हासिल किया।
बिंद्रा और नारंग ने संयुक्त रूप से 1,193 अंक हासिल करके चार साल पहले मेलबर्न में बनाए अपने रिकार्ड को तोड़ दिया। भारत के इन दोनों स्टार निशानेबाजों ने मेलबर्न में 1,189 अंक हासिल किए थे।
इंग्लैंड के जेम्स हकल और केनी पार ने 10 मीटर एयर राइफल मुकाबले में 1,174 अंकों के साथ रजत पदक जीता। बांग्लादेश के अब्दुल्ल हेल बाकी और मोहम्मद आसिफ हुसैन ने 1,173 अंक पाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
जीत के बाद ओलम्पिक चैम्पियन बिंद्रा ने कहा, "बीजिंग ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह मेरा दूसरा सबसे खुशी का पल है। देश के लिए पदक जीतना हमेशा खास मौका होता है। पहली बार है जब मैं अपने देश में इतनी बड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहा हूं।"
उधर, महिलाओं की 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत की महिला निशानेबाजों अनीशा सईद और राही सरनोबत ने स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या दो हो गई।
दो स्वर्ण पदकों के अलावा भारत की झोली में निशानेबाजी ने एक रजत भी डाला। ओमकार सिंह और दीपक शर्मा की जोड़ी ने 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता।
निशानेबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से उत्साहित राष्ट्रीय कोच सनी थॉमस ने कहा, "खेलों से पहले मैंने अपने निशानेबाजों को कड़ी मेहनत करने के लिए विवश किया और इसीलिए कुछ ने सोचा कि मैं तानाशाह जैसा हूं। अब मुझे लग रहा है कि मैं सही साबित हुआ। यह तो शुरुआत भर है। अभी हमारे निशानेबाज कई पदक जीतेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications