फ्लेचर का कहना है आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के दिमाग में इस समय स्वान का खौफ है और स्वान इसका फायदा पर्थ स्थित वाका के मैदान पर गुरुवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट मैच के दौरान उठा सकते हैं।
ब्रिटेन के अखबार 'द गार्जियन' में फ्लेचर ने अपने स्तंभ में लिखा है,"वाका के पिच पर घास होने के बावजूद पिच स्पिन गेंदबाजों को मदद करेगी। इसको ध्यान में रखते हुए आस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने पश्चिम आस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज माइकल बीयर को टीम में शामिल किया है। यह पिच स्वान को मदद करेगी।"
फ्लेचर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि स्वान इंग्लैंड के लिए यह मैच जरूर जीताएंगे। उन्होंने कहा कि पर्थ का विकेट पहले स्पिन गेंदबाजों के लिए कब्रगाह हुआ करता था लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह स्पिन गेंदबाजों को मदद कर रहा है। यहां पर थोड़ा घुमाव भी मिल रहा है जो स्पिन गेंदबाजों के लिए शुभ संकेत है।
पांच मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड 1-0 से आगे है। इंग्लैंड ने एडिलेड में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में आस्ट्रेलिया को पारी और 71 रनों से करारी शिकस्त दी थी जबकि ब्रिस्बेन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भी इंग्लैंड ने उसे अपनी बल्लेबाजी के दम पर ड्रॉ खेलने पर मजबूर किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।