एडिलेड, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। माइकल क्लार्क (80) और शेन वाटसन (57) की बदौलत आस्ट्रेलिया ने एडिलेड ओवल मैदान में जारी एशेज श्रृंखला के दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को दूसरी पारी में चार विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाए। आस्ट्रेलिया अभी भी इंग्लैंड की पहली पारी से 137 रन पीछे है। ऐसे में आस्ट्रेलिया की स्थिति कमजोर दिख रही है।
दिन का खेल खत्म होने तक माइकल हसी (44) नाबाद लौटे। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी पांच विकेट के नुकसान पर 620 रन बनाकर घोषित की और आस्ट्रेलिया पर 375 रनों की बढ़त बनाई। खराब मौसम के कारण दिन का खेल निर्धारित समय से पहले ही समाप्त कर दिया गया। आस्ट्रेलिया की पहली पारी 245 रनों पर सिमट गई थी।
आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाजों ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। वाटसन (57) और साइमन कैटिच (43) ने पहले विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की। कैटिच ने 85 गेंदों का सामना कर छह चौके लगाए। कैटिच को ग्रीम स्वान ने विकेटकीपर मैट प्रायर के हाथों कैच करवाया।
कप्तान रिकी पोंटिंग ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके। पोंटिंग (9) को स्वान ने कॉलिंगवुड के हाथों लपकवाया। पोंटिंग ने 19 गेंदों का सामना कर दो चौके लगाए।
वाटसन को स्टीवन फिन ने एंड्रयू स्ट्रॉस के हाथों कैच करवाया। वाटसन ने अपनी पारी के दौरान 141 गेंदों का सामना कर 10 चौके लगाए।
माइकल क्लार्क दिन के अंतिम गेंद पर केविन पीटरसन की गेंद पर एलिस्टर कुक को कैच थमा बैठे। क्लार्क ने 139 गेंदों का सामना कर 11 चौके लगाए। वाटसन और क्लार्क ने चौथे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की।
इंग्लैंड की ओर से स्वान ने सर्वाधिक दो जबकि फिन और पीटरसन ने एक-एक विकेट झटके।
तीसरे दिन दोहरा शतक लगाकर इंग्लैंड को मजबूत बढ़त दिलाने वाले पीटरसन चौथे दिन की सुबह अपने निजी स्कोर में 14 रन जोड़कर 227 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए।
पीटरसन ने इस दौरान टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। जेवियर डोर्थी की गेंद पर कैटिच को कैच देने से पहले पीटरसन ने 308 गेंदों का सामना कर 33 चौके और एक छक्का लगाया।
इयान बेल के साथ पीटरसन ने पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी की। बेल (68) और प्रायर (27) नाबाद लौटे। बेल और प्रायर ने छठे विकेट के लिए नाबाद 52 रनों की साझेदारी की।
पांच मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर हैं। ब्रिस्बेन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ड्रॉ कराने में सफलता हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications