हिस्सेदारों का मतभेद खत्म, आईपीएल में खेलेगी कोच्चि टीम (लीड-3)
बीसीसीआई के सचिव एन. श्रीवासन ने एक बयान जारी कर रविवार को इस बात की पुष्टि कर दी कि गवर्निग काउंसिल की बैठक में कोच्चि टीम को आईपीएल-4 में खेलने की अनुमति दे दी गई। आईपीएल-4 अप्रैल 2011 में शुरू हो रहा है। इसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी।
श्रीनिवासन ने अपने बयान में कहा, "आईपीएल की गवर्निग काउंसिल ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि कोच्चि फ्रेंचाइजी टीम ने हिस्सेदारी से जुड़े विवाद को लेकर बीसीसीआई के नोटिस का संतोषप्रद जवाब दिया है। इस आधार पर इस फ्रेंचाइजी टीम को आईपीएल-4 में खेलने का अधिकार दे दिया गया है।"
बीते सप्ताह इस आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम प्रबंधन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को यह सूचना दे दी थी कि वह आईपीएल से हट रही है क्योंकि हिस्सेदारी को लेकर उसका विवाद खत्म नहीं हो रहा है। बीसीसीआई इसे लेकर अंतिम फैसला करने ही वाली थी कि इस फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर कहा कि उसके हिस्सेदारों के बीच समझौते के आसार बनते दिख रहे हैं।
इसके बाद बीसीसीआई ने इस फ्रेंचाइजी को फैसले तक पहुंचने के लिए पांच दिसम्बर तक का समय दिया। इससे पहले बीसीसीआई ने कहा था कि आईपीएल के नियमों के तहत कोच्चि को अपने हिस्सदारों की स्थिति साफ करनी होगी अन्यथा उसे किंग्स इलेवन पंजाब की तरह आईपीएल से बाहर कर दिया जाएगा। इसके लिए बीसीसीआई ने कोच्चि को एक महीने का समय दिया था।
आईपीएल-4 में कुल 10 टीमों को हिस्सा लेना था लेकिन किंग्स इलेवन और राजस्थान रॉयल्स के बाहर किए जाने के बाद अब इसमें खेलने वाली टीमों की संख्या आठ बची है। हिस्सेदारी से जुड़े विवादो के कारण बीसीसीआई ने राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन की सदस्यता समाप्त कर दी गई थी।
कोच्चि और पुणे वारियर्स को सात महीने पहले आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम का दर्जा दिया गया था। कोच्चि टीम पर मुख्य रूप से रांदेवू स्पोर्ट्स नाम की कम्पनी का मालिकाना हक है जबकि पुणे फ्रेंचाइजी को सहारा समूह ने खरीदा है।
रांदेवू स्पोर्ट्स वर्ल्ड के सत्यजीत गायकवाड ने आईएएनएस को बताया कि उनकी कम्पनी फ्रेंचाइजी में अपनी हिस्सेदारी 25 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी करने को तैयार हो गई है। सत्यजीत ने कहा, "हमने अपनी हिस्सेदारी को घटाकर 25 फीसदी से 10 फीसदी करने का मन बना लिया है। आईपीएल-4 में खेलने का अधिकार पाकर हम खुश हैं। हम इसे आईपीएल की श्रेष्ठ टीम बनाने का प्रयास करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications