चेन्नई एकदिवसीय : भारत ने श्रृंखला 5-0 से जीती (राउंडअप)
गेंदबाजों की बदौलत मेहमान टीम को 103 रनों पर समेटने के बाद भारत ने 21.1 ओवरों में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके साथ भारत ने पांच मैचों की इस श्रृंखला पर 5-0 से कब्जा कर लिया।
कप्तान गौतम गम्भीर (0) और बेहतरीन फार्म में चल रहे विराट कोहली (2) का विकेट सस्ते में गिरने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल और इस श्रृंखला के माध्यम से अपना फार्म हासिल करने वाले युवराज सिंह ने संभलकर खेलते हुए न सिर्फ पारी को संवारा बल्कि भारत को जीत दिलाकर लौटे।
युवराज ने 46 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाए जबकि अंतिम दो मैचों के लिए टीम में शामिल किए गए पटेल ने अपनी उपयोगिता साबित करते हुए 70 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रनों की पारी खेली। पटेल ने बेंगलुरू में भी अर्धशतक लगाया था।
भारत का पहला विकेट कप्तान गम्भीर के रूप में गिरा था। गम्भीर खाता खोले बगैर नेथन मैक्लम की गेंद पर उनके बड़े भाई ब्रेंडन मैक्लम को विकेट के पीछे कैच थमा बैठे। उस समय भारत का खाता भी नहीं खुला था। इसके बाद 10 रन के कुल योग पर डेनियल विटोरी ने विराट कोहली को चलता कर भारत को दूसरा झटका दिया।
इस श्रृंखला में तीन अर्धशतक लगा चुके कोहली दो रन ही बना सके। इसके बाद युवराज और पटेल ने टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। युवराज ने कहा कि टीम से बाहर रहते हुए उन्होंने विगत छह से आठ महीनों में जो मेहनत की है, उसका नतीजा अब सामने आने लगा है। युवराज मानते हैं कि विश्व कप तक वह अपना असल फार्म वापस पा लेंगे।
युवराज को मैन ऑफ द मैच चुना गया जबकि इस श्रृंखला के दो शुरुआती मैचों में शतक लगाने वाले गम्भीर को मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार से नवाजा गया। मैच के बाद गम्भीर ने कहा कि बतौर कप्तान वह अपनी इस कामयाबी से बेहद उत्साहित हैं और आशा करते हैं कि उनका अच्छा फार्म दक्षिण अफ्रीका में भी जारी रहेगा।
इससे पहले, भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को अपने खिलाफ अब तक के न्यूनतम स्कोर पर आउट किया। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि युवराज, आशीष नेहरा और यूसुफ पठान ने दो-दो विकेट लिए जबकि प्रवीण कुमार को एक सफलता मिली। कीवी टीम के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। स्कॉट स्टायरिश (24) सबसे सफल बल्लेबाज रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम मैच की चौथी गेंद के साथ ही जिस मुश्किल से घिरी वह कम होने की बजाय बढ़ती ही गई। एक समय लगा था कि स्टायरिश और जेमी होव (23) उसे मुश्किलों से उबारने में सफल रहेंगे लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसे उबरने का मौका नहीं दिया।
कीवी टीम का पहला विकेट मार्टिन गुपटिल के रूप में गिरा, जिन्हें भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने मैच की चौथी गेंद पर पार्थिव पटेल के हाथों विकेट के पीछे कैच कराया। उस समय मेहमान टीम का खाता भी नहीं खुल सका था। कुल योग में अभी 14 रन जुड़े थे कि नेहरा ने खतरनाक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे ब्रेंडन मैक्लम को चलता किया।
मैक्लम ने 10 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके लगाए। मैक्लम के खाते में 14 रन जुड़े। इसके बाद 28 रन के कुल योग पर नेहरा ने रॉस टेलर को आउट कर मेहमान टीम को एक और करारा झटका दिया। टेलर नौ रन बना सके। उन्होंने नौ गेंदों पर दो चौके लगाए।
इसके बाद जेमी होव और स्कॉट स्टायरिश ने चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़कर स्थिति को संभालने की कोशिश की लेकिन 23 रन के व्यक्तिगत योग पर होव के पेवेलियन लौटने के साथ मेहमान टीम का मुश्किल और बढ़ गया।
होव का विकेट 71 रन के कुल योग पर गिरा। होव के जाने के बाद स्टायरिश भी 73 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौट गए। स्टायरिश ने 24 रन बनाए। स्टायरिश का विकेट आर. अश्विन ने लिया जबकि होव को युवराज सिंह ने चलता किया था।
कीवी टीम अभी संभल भी नहीं पाई थी कि युवराज ने ग्रांट इलियट को भी पेवेलियन की राह दिखा दी। यह विकेट 74 रन के कुल योग पर गिरा। इलियट खाता भी नहीं खोल सके।
पिछले दो मैचों से खेवनहार की भूमिका निभाते आ रहे जेम्स फ्रेंकलिन 17 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि कप्तान विटोरी नौ रन बना सके। इसके अलावा नेथन मैक्लम (1), केइल मिल्स (4) और टिम साउदी (0) ने निराश किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications