रणजी ट्रॉफी : अवस्थी और रावत चमके, रेलवे को बढ़त (लीड-1)
भोजनकाल तक रेलवे ने 90 रन के कुल योग पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद प्रशांत अवस्थी (73) और महेश रावत (52) ने अपनी टीम को मुश्किलों से निकालकर बढ़त हासिल करने की स्थिति में पहुंचा दिया।
कप्तान संजय बांगड़ के पेवेलियन लौटने के बाद विकेट पर आए अवस्थी ने अपनी 137 गेंदों की उम्दा पारी के दौरान सात चौके लगाए जबकि रावत ने 102 गेंदों का सामना करते हुए पांच बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया।
रेलवे ने रावत और अवस्थी के अलावा सलामी बल्लेबाज फैज फजल (7), श्रेयस खानोलकर (26), कप्तान बांगड़ (29) तथा करण शर्मा (13) के विकेट गंवाए हैं। बंगाल की ओर से लक्ष्मी रतन शुक्ला और इरेश सक्सेना ने दो-दो सफलता हासिल की है जबकि रनदेव बोस और अशोक डिंडा ने एक-एक विकेट लिए हैं।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक धिरेन साल्वी 91 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि जय प्रकाश यादव आठ रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले, मैच के पहले दिन बुधवार को बंगाल की टीम अपनी पहली पारी में 201 रनों पर धराशायी हो गई थी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बंगाल की शुरुआत खराब रही। बंगाल की ओर से गतिमोनी बसु ने 128 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से सर्वाधिक 58 रन बनाए।
इसके अलावा कप्तान मनोज तिवारी ने 133 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 42 रनों का योगदान दिया। सौरव गांगुली से बंगाल को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह बुरी तरह फ्लॉप रहे। गांगुली केवल 13 रन बना सके।
रेलवे की ओर से अनुरीत सिंह ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि अनुभवी जय प्रकाश यादव और अनुभवी मुरली कार्तिक ने दो-दो जबकि बांगड़, शर्मा और निलेश कुमार चौहान ने एक-एक विकेट चटकाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications