सेंचुरियन टेस्ट : मुश्किल में भारत, 6 बल्लेबाज पेवेलियन लौटे (लीड-7)
विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग, शानदार फार्म में चल रहे गौतम गंभीर और मिस्टर भरोसेमंद राहुल द्रविड़ के विकेट गंवाकर भारत ने चाय तक 55 रन बनाए थे। चाय के बाद खेले गए महज पांच ओवरों में भारत ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, दाएं हाथ के कलात्मक बल्लेबाज वी. वी. एस. लक्ष्मण और युवा बल्लेबाज सुरेश रैना के विकेट गंवाए।
सचिन ने भारतीय पारी को सम्भालने की बहुत कोशिश की लेकिन चायकाल के बाद 25वें ओवर में वह भी चलते बने। उन्होंने 34 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 36 रन बनाए। तेज गेंदबाज डेल स्टेन की गेंद पर वह एलबीडब्ल्यू आउट हुए।
सचिन के आउट होने से पहले लक्ष्माण भी सात रन बनाकर आउट हो गए। 20 गेंदों पर एक चौके की मदद से उन्होंने सात रन बनाए।
भारत को पहला झटका वीरेंद्र सहवाग के रूप में लगा। दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने अपने दावों को सच साबित करते हुए पारी के तीसरे ओवर में ही सहवाग का विकेट झटक लिया। स्टेन ने कहा था कि वह सहवाग को जमने का मौका नहीं देंगे।
स्टेन ने एक रन के कुल योग पर सहवाग को हाशिम अमला के हाथों कैच कराया। उस समय सहवाग खाता भी नहीं खोल सके थे। भारत ने 14 ओवर के खेल के दौरान पहली पारी में दो विकेट पर 27 रन बना लिए हैं।
इसके बाद पांच के निजी स्कोर पर गौतम गंभीर भी चलते बने। सहवाग का स्थान लेने आए द्रविड़ भी कुछ खास नहीं कर पाए और 14 के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
चाय तक भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर 55 रन से आगे खेलते हुए 26.3 ओवरों में छह विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए थे। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और हरभजन सिंह मैदान पर संघर्ष कर रहे थे।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से स्टेन ने तीन विकेट चटकाए जबकि मोर्न मोर्कल ने दो और जैक्स कालिस ने एक खिलाड़ी को पेवेलियन की राह दिखाई।
इस मैच के लिए भारत के अनुभवी गेंदबाज जहीर खान को अंतिम-11 से बाहर रखा गया है। जहीर चोटिल हैं। उनके स्थान पर जयदेव उनादकत को मौका दिया गया है।
इससे पहले, बारिश और खराब हालात के कारण लम्बे इंतजार के बाद शुरू हुए इस मैच में मेजबान कप्तान ग्रीम स्मिथ ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। खराब मौसम के कारण यह मैच लगभग साढ़े चार घंटे की देरी से शुरू हुआ।
भारतीय समयानुसार छह बजे अम्पायरों ने आधिकारिक तौर पर सुपर स्पोर्ट पार्क मैदान की पिच का मुआयना किया और टॉस के लिए हरी झंडी दी थी। अम्पायरों और मैच रेफरी ने साढ़े चार बजे के आसपास पिच का मुआयना किया था लेकिन उस समय हालात खेल के लायक नहीं था।
सीमा रेखा के चारों और पानी भरा था और सुपर-सोकर की मदद से इस काम में तेजी आई और मैदान को खेल के लायक बना दिया गया। सेंचुरियन में लगभग साढ़े तीन घंटे पहले ही बारिश बंद हो गई थी और अब अच्छी धूप भी खिल गई है।
बुधवार रात और गुरुवार सुबह हुई जोरदार बारिश ने सुपर स्पोर्ट पार्क को लगभग तालाब की शक्ल दे दी थी। इस कारण भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे होने वाला टॉस का कार्यक्रम दो बजे तक के लिए टाल दिया गया था। बारिश के कारण दो बजे भी टॉस नहीं हो सका था। इसके बाद अम्पायरों ने दो बार मैदान का निरीक्षण किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications