Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

एशियाड-2010 : तीरंदाजी में रजत, 3 कांस्य भी मिले, 1 रजत तय (लीड-1)

तीरंदाजी की व्यक्तिगत स्पर्धा में तरुणदीप राय ने रजत जीता जबकि सुरंजय सिंह और कविता गोयत ने मुक्केबाजी की पुरुष एवं महिला स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा भारत की महिला स्क्वॉश टीम ने भी एक कांस्य पदक हासिल किया।

भारत की महिला हॉकी टीम के पास भी कांस्य जीतने का मौका था लेकिन वह इस मौके को भुना नहीं सकी और जापान के हाथों हार गई। कबड्डी में भारतीय टीमों ने जीत हासिल की लेकिन निशानेबाजी की स्कीट स्पर्धा में निराशा हाथ लगी।

भारत के तरुणदीप ने व्यक्तिगत वर्ग में रजत पदक हासिल किया। तरुणदीप ने फाइनल में पहुंचकर देश के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया था लेकिन उन पर देश को पहली बार इस स्पर्धा में स्वर्ण दिलाने की जिम्मेदारी थी।

तरुणदीप इस जिम्मेदारी को निभा नहीं सके और फाइनल में दक्षिण कोरिया के वूजिन किम के हाथो 7-3 से हार गए। इस तरह भारत अपना आठवां स्वर्ण जीतने से चूक गया।

तरुणदीप ने सेमीफाइनल में चीनी ताइपे के खिलाड़ी चुन चिया सुंग को 7-3 से पराजित किया। इससे पहले तरुणदीप ने 1/4 इलिमिनेशन राउंड में दक्षिण कोरिया के जिनयेक ओह को 6-4 से हराया था।

1/8 इलिमिनेशन राउंड में तरुणदीप मलेशिया के तीरंदाज चुन सियांग चेन पर 6-0 से जीत हासिल की थी जबकि क्वालीफाईंग दौर में तरुणदीप ने वियतनाम के ट्रांग केन डायो को 5-1 के अंतर से पराजित किया था।

भारत के एक अन्य तीरंदाज राहुल बनर्जी क्वार्टर फाइनल में हारकर खिताबी दौड़ से बाहर हो गए हैं। 1/16 इलिमिनेशन राउंड में नेपाल के जीत बहादुर मुकतान को 4-0 से हराने वाले राहुल क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के चिया चुन सुंग के हाथों 0-6 से हार गए।

भारत के मुक्केबाज विकास कृष्णन 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। विकास ने बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान के मुक्केबाज हुर्शीद तोजीबेव को 7-0 से पराजित किया।

इस तरह विकास ने देश के लिए कम से कम एक रजत पक्का कर लिया है। बुधवार को 52 किलोग्राम वर्ग में भारत को निराश मिली। दिग्गज मुक्केबाज सुरंजय सिंह सेमीफाइनल में हार गए। सुरंजय को चीन के योंग चांग ने 6-5 से पराजित किया।

इस हार के बावजूद सुरंजय कांस्य जीतने में सफल रहे। इससे पहले, कविता गोयत 69-75 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में हार गईं। कविता को चीन की जिनजी ली ने 5-1 से पराजित किया। इस हार के बावजूद कविता को कांस्य पदक प्राप्त हुआ है।

कविता ने पहले राउंड में एक अंक प्राप्त किया जबकि ली ने पहले राउंड में तीन और चौथे राउंड में दो अंक हासिल किए। कविता ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कजाकिस्तान की मेरिना वोलनोवा को कड़े संघर्ष के बाद 8-7 से पराजित किया था।

भारत की महिला स्क्व ॉश टीम सेमीफाइनल में मलेशिया से हार गई हालांकि उसे कांस्य पदक मिला। पहले मैच में भारत की अनाका अलनाकामोनी को वी वर्न लोव के हाथों 2-11, 4-11, 6-11 से हार झेलनी पड़ी।

एक अन्य मुकाबले में शीर्ष भारतीय और विश्व की 37वीं वरीय खिलाड़ी विश्व की शीर्ष वरीय खिलाड़ी निकोल डेविड से 4-11, 2-11, 3-11 से हार गईं। मलेशियाई टीम फाइनल में हांगकांग से भिड़ेगी। हांगकांग ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-0 से पराजित किया। पुरुषों की स्पर्धा के सेमीफाइनल में भारतीय टीम पाकिस्तान से भिड़ेगी।

कुश्ती में भारत के पहलवान वीर राम फ्रीस्टाइल कुश्ती के 84 किलोग्राम वर्ग में कांस्य जीतने के करीब पहुंच गए हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया के जियासुंग ली के हाथों 1-3 से हारने वाले वीर राम कांस्य पदक के लिए होने वाले मुकाबले में मंगोलिया के पहलवान उसुखबातार पुरवी के साथ दो-दो हाथ करेंगे।

वीर राम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान के पहलवान एबेक उसुपोव को 5-0 के भारी अंतर से पराजित किया।

महिला हॉकी बुधवार को तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में जापान ने 1-0 से पराजित किया। महिला टीम ने कतर एशियाई खेलों में कांस्य पदक हासिल किया था।

मैच का फैसला अतिरिक्त समय में हुआ। जापान ने 78वें मिनट में केइको मानाबे द्वारा किए गए गोल्डन गोल की मदद से जीत हासिल की।

पुरुष वर्ग में भारतीय टीम मंगलवार को सेमीफाइनल में मलेशिया के हाथों हार गई थी। अब उसे कांस्य पदक के लिए दक्षिण कोरिया से भिड़ना है।

भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए ग्रुप-ए के अपने मुकाबले में बुधवार को दक्षिण कोरिया को हरा दिया। पुरुष टीम ने दक्षिण कोरिया को 37-19 के बड़े अंतर से पराजित किया। पहले मुकाबले में पुरुष टीम ने ईरान को बड़े अंतर से हराया था।

इसी दिन महिला टीम ने भी दक्षिण कोरिया को हराया। भारतीय टीम ने यह मैच 47-21 के अंतर से जीता। ग्रुप स्तर में भारत की यह तीसरी जीत है। पहले मुकाबले में उसे नेपाल के खिलाफ वॉकओवर मिला था जबकि दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश को 34-20 से हराया था।

निशानेबाजी स्पर्धा में भारतीय स्कीट निशानेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया है। पुरुष टीम जहां टीम स्पर्धा में सातवें स्थान पर रही वहीं भारतीय खिलाड़ी व्यक्तिगत स्पर्धाओं के प्रतिस्पर्धी दौर के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।

भारत के मिराज अहमद खान, एलम डेनियल पीपुल्स और समित सिंह ने कुल 336 अंक हासिल किए जबकि कतर की टीम ने 353 अंकों के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। रजत पदक कुवैत ने जीता जबकि चीन को कांस्य से संतोष करना पड़ा।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में खान ने सर्वाधिक 113 अंकों के साथ 13वां स्थान हासिल किया। पीपुल्स को 112 अंकों के साथ 20वां और सिंह को 111 अंकों के साथ 22वां स्थान प्राप्त हुआ।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Wednesday, November 24, 2010, 15:25 [IST]
Other articles published on Nov 24, 2010
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+