नई दिल्ली, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति (सीजीओसी) के महासचिव ललित भनोत ने मंगलवार को कहा कि खेलगांव में साफ-सफाई को लेकर आगंतुकों की चिंताओं को दूर किया जाएगा और 36 घंटे में स्वच्छता के बेहतर मानक स्थापित किए जाएंगे।
खेल गांव में आवास स्थलों में गंदगी की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए भनोत ने कहा कि एक व्यक्ति के लिए स्वच्छता का पैमाना दूसरे व्यक्ति से अलग हो सकता है। एक व्यक्ति के लिए जो चीज साफ है, हो सकता है कि दूसरे व्यक्ति के लिए वह साफ न लगे।
भनोत ने कहा, "हमने चेफ्स द मिशन को कहा कि खेल गांव में स्वच्छता के स्तर को 36 घंटे में बेहतर बनाया जाएगा। हम आवासीय स्थलों को पूरी तरह से स्वच्छ बना रहे हैं। इमारतों में सफाई का 50 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है और बाकी काम अगले 36 घंटों में कर लिया जाएगा।"
भनोत ने कहा कि आयोजन समिति को कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन (सीजीएफ) अध्यक्ष माइक फेनेल का खेलों की तैयारियों का काम देख रहे कैबिनेट सचिव के. एम. चंद्रशेखर और सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया पत्र मिला है जिसमें आगंतुकों खासकर न्यूजीलैंड के चेफ्स द मिशन ने साफ-सफाई को लेकर चिंता जताई है।
भनोत ने कहा, "यह कोई शर्म की बात नहीं है। सारा काम कल तक पूरा कर लिया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।