वड़ोदरा एकदिवसीय: जीत की हैट्रिक होगा टीम इंडिया का लक्ष्य
इस मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह दूसरी भिड़ंत है जबकि भारतीय टीम अपना नौवां मैच खेलेगी। उसने यहां अब तक पांच जीत हासिल की है, जिसमें 1994 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली सात विकेट की जीत भी शामिल है।
भारत को हालांकि यह नहीं भूलना होगा कि बीते दो मुकाबलों में उसे इस मैदान पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंह की खानी पड़ी थी। इस लिहाज से भारत इस मैदान पर लगातार तीसरी हार से बचना चाहेगा।
कीवी टीम इस मैदान पर अपना दूसरा मैच खेलेगी। इससे पहले उसने 1996 में यहां खेले गए विश्व कप मुकाबले में हॉलैंड को 119 रनों के अंतर से हराया था। यह मैच कीवी टीम के लिए अहम होगा क्योंकि इसके माध्यम से वह श्रृंखला में बनी रहना चाहेगी लेकिन भारतीय टीम के फार्म को देखते हुए उसके लिए जीत हासिल कर पाना चुनौतीपूर्ण कार्य होगा।
भारत ने गुवाहाटी में खेले गए पहले मुकाबले में कीवी टीम को 40 रनों से हराया था जबकि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में उसने नौ विकेट से जीत दर्ज की थी। पहले मुकाबले में जहां विराट कोहली ने शतक जड़ा था वहीं दूसरे मुकाबले में कप्तान गौतम गम्भीर के बल्ले से नाबाद शतक निकला था।
इस मैच के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे जबकि बुखार के कारण दो मैचों से बाहर रहे गेंदबाज प्रवीण कुमार भी आक्रमण पंक्ति की कमान संभालेंगे। प्रवीण शांताकुमारन श्रीसंत का स्थान लेंगे, जिन्हें दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली जाने वाली टेस्ट श्रृंखला के मद्देनजर आराम दिया गया है।
श्रीसंत के अलावा सुरेश रैना को भी आराम दिया गया है। रैना और श्रीसंत निर्धारित समय से पूर्व ही दक्षिण अफ्रीका रवाना होकर वहां के हालात में खुद को ढालने का प्रयास करेंगे। रैना की गैरमौजूदगी में खाली हुए छठे क्रम के लिए रवींद्र जडेजा और सौरव तिवारी के बीच प्रतिस्पर्धा रहेगी।
इस बात का फैसला शनिवार सुबह ही हो सकेगा। जहीर की वापसी के बाद टीम में तीसरे तेज गेंदबाज को लेकर भी रस्साकशी शुरू हो गई है। तीसरे गेंदबाज के तौर पर आशीष नेहरा और मुनाफ पटेल अपना दावा पेश करेंगे।
दूसरी ओर, कीवी टीम अपने स्टार बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम की वापसी से मजबूत हुई है। पीठ में तकलीफ के कारण मैक्लम गुवाहाटी और जयपुर में नहीं खेल सके थे। मैक्लम ने शुक्रवार को सुबह के सत्र में अभ्यास किया और इस दौरान वह बिल्कुल सहज दिखे। इस आधार पर टीम प्रबंधन उनके खेलने को लेकर उम्मीद बनाए हुए है।
कीवी टीम के लिए मैक्लम की सेवाएं बहुत जरूरी हैं क्योंकि कई प्रमुख बल्लेबाज लय में नहीं हैं जबकि जेसी राइडर जैसा उसका एक प्रमुख बल्लेबाज टेस्ट श्रृंखला के बाद ही स्वदेश लौट गया। टेस्ट श्रृंखला में दोहरा शतक लगा चुके मैक्लम की वापसी से मेहमान टीम को निश्चित तौर पर फायदा होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications