बेंगलुरु एकदिवसीय : लगातार चौथी जीत दर्ज करने उतरेगी टीम इंडिया
इस मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह तीसरी भिड़ंत है जबकि भारतीय टीम अपना पन्द्रहवां मैच खेलेगी। उसने यहां अब तक 10 जीत हासिल की है, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ 14 अक्टूबर 1987 को 16 रनों से जबकि 14 मई, 1997 को आठ विकेट से जीत शामिल है।
मेहमान टीम इस मैदान पर अपना तीसरा मैच खेलेगी। इससे पहले इस मैदान पर कीवी टीम दो बार भारतीय टीम से भिड़ी है और दोनों बार उसे मुंह की खानी पड़ी है।
कीवी टीम इस मैच को जीतकर अपनी हार के अंतर को कम करना चाहेगी लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के फॉर्म को देखते हुए कीवी टीम के लिए जीत हासिल करना टेढ़ी खीर साबित हो सकती है।
भारत ने गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में मेहमान टीम को 40 रनों से पराजित किया था वहीं जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में उसने आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। वड़ोदरा में भारतीय टीम मेहमानों को नौ विकेट से शिकस्त देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की थी।
टीम इंडिया के कप्तान गौतम गम्भीर और विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं। पहले मुकाबले में कोहली ने शतक जड़ा वहीं दूसरे और तीसरे मुकाबले में गम्भीर ने (नाबाद 138) और (नाबाद 126) शतकीय पारी खेल अपनी कप्तानी में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और श्रृंखला को अपने कब्जे में किया।
पहले तीन मुकाबलों में विकेट के पीछे कार्यभार सम्भालने वाले बंगाल के वृद्धिमान साहा की जगह पार्थिव पटेल को चौथे मुकाबले में विकेटकीपर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरफनमौला रविंद्र जडेजा की जगह रोहित शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।
साहा आगामी टेस्ट श्रृंखला के लिए दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर रवाना हो चुके हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों में ढलने और टेस्ट मैचों की तैयारियों के लिए कुछ खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका पहले भेजने का फैसला किया है।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम इस मुकाबले को जीतना चाहेगी। कीवी टीम की परेशानी उसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी का नहीं चल पाना है।
मेहमान टीम की ओर से रॉस टेलर और केन विलियमसन द्वारा अपने स्कोर को बड़ी पारियों में तब्दील नहीं कर पाना न्यूजीलैंड के लिए चिंता का विषय है। सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्लम चोट के कारण टीम से अंदर-बाहर हो रहे हैं जिसका सीधा प्रभाव उनकी बल्लेबाजी में दिखाई दे रहा है। पीठ में तकलीफ के कारण मैक्लम गुवाहाटी और जयपुर में नहीं खेल सके थे।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की गम्भीर और कोहली ने जमकर धुनाई की है। इन दोनों बल्लेबाजों ने तीन मुकाबलों में 518 गेंदों में 534 रन बनाए हैं। मेहमान टीम को अगर जीतना है तो उसे गम्भीर और कोहली को जल्दी पेवेलियन भेजना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications