क्राइस्टचर्च एकदिवसीय : पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को दी 294 रनों की चुनौती
क्राइस्टचर्च, 29 जनवरी (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हाफिज की शानदार शतकीय पारी और कप्तान शाहिद अफरीदी की अंतिम ओवरों में धुआंधार बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने एएमआई स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे एकदिवसीय मैच में न्यूजीलैंड के समक्ष जीत के लिए 294 रनों की चुनौती रखी है।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित की गई पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने उसे इस स्थिति से उबारते हुए अंतिम ओवरों में धुआंधार बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 293 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हाफिज ने 115 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 144 गेंदों का सामना किया और 12 चौके तथा दो छक्के लगाए।
कप्तान अफरीदी ने अंतिम ओवरों में महज 25 गेंदों पर 65 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने पांच छक्के व पांच चौके लगाए। उमर अकमल ने भी बल्ले से कमाल किया और सिर्फ 29 गेंदों में 44 रन बनाए। उन्होंने चार चौके तथा दो छक्के लगाए।
हाफिज ने अहमद शहजाद के साथ पाकिस्तानी पारी की शुरुआत की लेकिन मैच के दूसरे ही ओवर में टीम साउदी ने शहजाद को आउट कर पाकिस्तान को पहला झटका दिया। इस समय पाकिस्तान का स्कोर महज दो रन था। शहजाद अपना खाता भी नहीं खोल सके।
शाहजाद का स्थान लेने आए कामरान अकमल भी चौथे ओवर में उस वक्त चलते बने जब टीम का कुल योग आठ था। अकमल ने नौ गेंदों पर छह रन बनाए। साउदी ने अकमल को क्लीन बोल्ड किया।
अकमल का स्थान लेने आए अनुभवी बल्लेबाज यूनुस खान ने जमने की कोशिश की लेकिन चौदहवें ओवर में जैकब ओरम ने उन्हें आउट कर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। यूनुस ने 22 गेंदों पर 12 रन बनाए।
विश्व कप से पहले हो रही छह मैचों की इस श्रृंखला में न्यूजीलैंड 1-0 से आगे है। तेज गेंदबाज टिम साउदी (33/5) की घातक गेंदबाजी और जेसी राइडर (55) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टपेक स्टेडियम में खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले में पाकिस्तान को 9 विकेट से हराया था जबकि क्वींसटाऊन इवेंट्स सेंटर पर खेला गया दूसरा एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications