किंग्समीड में बराबरी के इरादे से उतरेगा भारत
तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भारत 0-1 से पीछे है। डरबन में एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों को अग्नि परीक्षा से गुजरना पड़ सकता है क्योंकि यह पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है।
किंग्समीड के मैदान पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। भारत ने अब तक यहां तीन टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें दो टेस्ट मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक टेस्ट ड्रॉ रहा है।
भारतीय टीम के लिए राहत की बात है कि उसके स्ट्राइक तेज गेंदबाज जहीर खान चोट से उबरकर इस मैच में वापसी करेंगे। इस बात की पुष्टि स्वयं कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने की थी।
पहले टेस्ट मैच की समाप्ति के बाद धौनी ने कहा था, "सेंचुरियन की जिस पिच पर हमने पहला टेस्ट मैच खेला था उसके बाद मैच की समाप्ति के बाद जहीर ने बाद में उसी पिच पर ईशांत शर्मा के साथ गेंदबाजी की और उस दौरान वह पूरी तरह फिट दिख रहे थे।"
धौनी ने कहा था कि जहीर डरबन में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे। जहीर ने इस मैदान पर अब तक एक मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 148 रन खर्च करते हुए तीन विकेट झटके हैं।
भारतीय टीम की नजरें एक बार फिर से शानदार फॉर्म में चल रहे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर पर होगी। तेंदुलकर ने पहले टेस्ट मैच में शतकों का अर्धशतक पूरा किया था हालांकि वह पारी की हार से टीम को नहीं बचा सके थे।
टीम को शानदार शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गम्भीर के कंधों पर होगी। सहवाग और गम्भीर ने पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में शानदार अर्धशतक बनाए थे।
भारतीय टीम में 'दीवार' के नाम से विख्यात राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण मध्यक्रम को मजबूती प्रदान करेंगे। कप्तान धौनी भी बेहतरीन फॉर्म में हैं।
बांए हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना का फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। रैना पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में फ्लॉप रहे थे।
तेंदुलकर ने इस मैदान पर तीन मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 18.6 की औसत से 93 रन बनाए हैं जबकि द्रविड़ ने दो मैचों में 16.6 की औसत से 50 रन बनाए हैं।
सहवाग ने यहां एक मैच खेला है जिसमें उन्होंने आठ रन बनाए हैं जबकि धौनी ने एक मैच में 81 रन और लक्ष्मण के नाम 65 रन दर्ज है। तेज गेंदबाज शातांकुमारन श्रीसंथ ने यहां एक मैच खेला है और इसमें उन्होंने आठ विकेट झटके हैं।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ऊंचे मनोबल के साथ इस मैदान पर उतरेगी। कप्तान ग्रीम स्थित डरबन में जीत हासिल कर श्रृंखला पर कब्जा करना चाहेंगे।
स्मिथ पहले ही कह चुके हैं, "हम दूसरे टेस्ट मैच को जीतकर श्रृंखला पर कब्जा करना चाहेंगे।" दक्षिण अफ्रीकी टीम के सभी शीर्ष बल्लेबाज इस समय शानदार फॉर्म में हैं।
पहले टेस्ट मैच में जहां हरफनमौला जैक्स कैलिस ने नाबाद दोहरा शतक बनाया था वहीं हाशिम अमला और अब्राहम डिविलियर्स ने शानदार शतक बनाकर कैलिस का भरपूर साथ निभाया था।
तेज गेंदबाज डेल स्टेन और मोर्न मोर्कल की जोड़ी से मेजबान टीम को काफी उम्मीदें होंगी जिन्होंने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications