तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में श्रीलंका पर मिली 2-0 की शानदार जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम धौनी की कप्तानी में टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंच गई।
भारतीय टीम की इस सफलता को लेकर श्रीकांत ने कहा, "धौनी महान कप्तान हैं। वह हालात को सहज बनाए रखना पसंद करते हैं। इस गुण के कारण भी उन्हें काफी फायदा हुआ है। मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही मैं टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंचने पर पूरी टीम को बधाई देता हूं।"
श्रीकांत ने कहा कि यह सचमुच जश्न मनाने के वक्त है लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भारतीय टीम को इस मुकाम तक पहुंचाने में गांगुली, राहुल द्रविड़ और कुंबले जैसे कप्तानों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है।
बकौल श्रीकांत, "गांगुली, द्रविड़ और कुंबले ने इस टीम को सर्वश्रेष्ठ बनने की राह में अग्रसर होने के लिए बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गांगुली और कुंबले भले ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन विदेशी दौरों पर उनकी कप्तानी में टीम में शानदार प्रदर्शन किया है।"
रिकार्ड पर नजर डालें तो गांगुली भारत के अब तक के सबसे सफल कप्तान हैं। दूसरी ओर, कुंबले की कप्तानी में भारतीय टीम ने वर्ष 2007-08 में खेली गई विवादित श्रृंखला में उल्लेखनीय इच्छाशक्ति का प्रदर्शन किया था।
बीसीसीआई के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने भी टीम इंडिया को श्रृंखला जीतने और टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंचने पर बधाई दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।