संगकारा 165 रन के कुल योग पर वीरेंद्र सहवाग की गेंद पर दिनेश कार्तिक द्वारा स्टंप किए गए। संगकारा ने 41 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए।
श्रीलंका को पहला झटका तिलकरत्ने दिलशान के रूप में लगा था। दिलशान 18 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 41 रनों की तूफानी पारी खेलने के बाद आशीष नेहरा की गेंद पर दिनेश कार्तिक के हाथों लपके गए। दिलशान का विकेट 65 रनों के कुल योग पर गिरा।
खबर लिखे जाने तक मेहमान टीम ने 23 ओवरों की समाप्ति तक दो विकेट खोकर 165 रन बना लिए थे। पारी की शुरुआत करने आए उपुल थरंगा 76 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 71 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि माहेला जयवर्धने ने खाता नहीं खोला था।
भारतीय गेंदबाजों ने अपनी सटीक गेंदबाजी की बदौलत काफी हद तक श्रीलंका की रन गति पर लगाम लगा दी है। 3.4 ओवरों में 50 और 11.2 ओवरो में 100 रन पूरे करने वाली मेहमान टीम पिछले 10 ओवरों में सिर्फ 65 रन जोड़ सकी है।
पांच मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। भारत ने 15 दिसंबर को राजकोट में खेला गया पहला मुकाबला तीन रनों से जीता था जबकि मेहमान टीम ने नागपुर में बीते शुक्रवार को खेला गया दूसरा मुकाबला तीन विकेट से अपने नाम किया था।
भारतीय टीम इस मैच के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के बगैर ही मैदान में उतरी है। धौनी पर नागपुर एकदिवसीय मुकाबले के दौरान धीमी ओवर गति के कारण दो मैचों का प्रतिबंध लगा है। धौनी की अनुपस्थिति में वीरेंद्र सहवाग टीम की कमान संभाल रहे हैं।
उड़ीसा में स्थित एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में भारत का रिकार्ड अच्छा रहा है। भारतीय टीम ने यहां अब तक कुल 13 मैच खेले हैं, जिनमें से आठ में उसे जीत हासिल हुई है। दो मौकों पर यह मैदान तटस्थ आयोजन स्थल भी रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।