मेसी फुटबाल की सर्वोच्च संस्था-फीफा द्वारा इस सम्मान से नवाजे जाने वाले अर्जेटीना के पहले खिलाड़ी हैं। मेसी ने काका, जावी, एंद्रे इनिएस्ता और पिछले साल के विजेता क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पीछे छोड़ते हुए इस वर्ष इस सम्मान को हासिल किया।
मेसी को सोमवार को ज्यूरिख में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान इस सम्मान से नवाजा गया। 22 वर्ष के इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी के टीम में रहते बार्सिलोना ने पिछले वर्ष यूरोप के सबसे बड़े फुटबाल टूर्नामेंट-चैम्पियंस लीग पर कब्जा किया था।
सम्मान हासिल करने के बाद मेसी ने सबका धन्यवाद किया। मेसी ने कहा, "मैं क्या कहूं। मैं सबको धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं अपने साथियों और उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं, जो पिछले कुछ वर्षो से मेरे साथ जुड़े रहे हैं।"
इस अवसर पर फीफा ने अपनी पेशेवर टीम-फीफाप्रो इलेवन की घोषणा की। इस टीम में गोलकीपर के तौर पर स्पेन के लेकर कासिलास, डिफेंडर के तौर पर इंग्लैंड के जॉन टेरी, सर्बिया के नेमेंजा विदिक, फ्रांस के पैट्रिक विएरा और स्पेन के दानी एल्विस को शामिल किया गया है।
फीफा ने मिडफील्डर के तौर पर इस टीम में स्पेन के जावी हर्नेदाज, स्पेन के ही एंद्रे इनिएस्ता और इंग्लैंड के स्टीवन गेरार्ड को जगह दी है। फारवर्ड खिलाड़ियों में अर्जेटीना के मेसी, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और स्पेन के फर्नाडो टॉरेस शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।