For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

अभ्यास मैच : भारत ने आस्ट्रेलिया को 38 रनों से हराया (लीड-6)

By Ians English

आस्ट्रेलिया को हराने में लेग स्पिनर पीयूष चावला और ऑफ स्पिनर हरभजन का अहम योगदान रहा। चावला ने चार तो भज्जी ने तीन विकेट चटकाए। तीसरे स्पिन गेंदबाज रामचंद्रन अश्विन को एक तथा पार्ट टाइम स्पिन गेंदबाज युवराज सिंह को भी एक विकेट मिला। शांताकुमारन श्रीसंत भी एक विकेट पाने में सफल रहे।

आस्ट्रेलिया की ओर से शेन वाटसन और टिम पेन ने पारी की शुरुआत की। वाटसन ने 26 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 33 रनों की तेज पारी खेली। आठवें ओवर में शांताकुमारन श्रीसंत की गेंद पर पीयूष चावला ने उनका शानदार कैच लपका। उस समय टीम का स्कोर 51 रन था।

वाटसन के आउट होने के बाद कप्तान रिकी पोंटिंग ने पेन के साथ मोर्चा संभाला। 22वें ओवर में 37 रन के निजी स्कोर पर युवराज सिंह ने पेन को पेवेलियन की राह दिखाई। उस वक्त टीम का स्कोर 118 था।

पेन के आउट होने के बाद चावला ने उपकप्तान माइकल क्लार्क, कैमरन व्हाइट, डेविड हसी और कैलम फग्र्यूसन के विकेट प्राप्त कर आस्ट्रेलिया को दबाब में ला दिया। क्लार्क और हसी अपना खाता भी नहीं खोल सके जबकि व्हाइट ने चार और फग्र्यूसन ने आठ रन बनाए।

आस्ट्रेलिया के लिए कप्तान पोंटिंग जीत की उम्मीद थे लेकिन 35वें ओवर में 166 के कुल योग पर भज्जी ने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के हाथों उन्हें स्टम्प आउट कर तगड़ा झटका दिया। पोंटिंग ने 85 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेली।

इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गम्भीर ने की। शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और गम्भीर छह रन के निजी योग पर तेज गेंदबाज डग बोलिंगर की गेंद पर कैमरन व्हाइट को कैच थमाकर पेवेलियन लौट गए। गम्भीर का विकेट 12 के कुल योग पर गिरा।

विराट कोहली ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए लेकिन वह भी 33 गेंदों पर 21 रन बनाकर चलते बने। कोहली को जॉन हेस्टिंग्स ने डेविड हसी के हाथों लपकवाया। कोहली ने सहवाग के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। कोहली का विकेट 54 के कुल योग पर गिरा।

युवराज सिंह एक रन पर मिशेल जानसन की गेंद पर ब्रैड हैडिन के हाथों लपके गए। युवराज का विकेट 63 रन के योग पर गिरा।

कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 24 गेंदों पर 11 रन बनाकर हैस्टिंग्स के शिकार हुए। धौनी ने सहवाग के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। धौनी का विकेट 101 के योग पर गिरा। चोट से वापसी कर रहे सहवाग ने 56 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए। सहवाग का विकेट 113 के योग पर गिरा।

फॉर्म की तलाश कर रहे सुरेश रैना 16 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाकर तेज गेंदबाज ब्रेट ली की गेंद पर टिम पायन को कैच थमाकर चलते बने।

रैना का विकेट 132 के योग पर गिरा। हरभजन सिंह चार रन के निजी योग पर ली की गेंद पर बोल्ड हो गए। हरभजन का विकेट 136 के योग पर गिरा।

पीयूष चावला बिना खाता खोले ली की गेंद पर बोल्ड हो गए। चावला का विकेट 138 के योग पर गिरा। हरफनमौला यूसुफ पठान 39 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। डेविड हसी ने यूसुफ को क्रेजा के हाथों लपकवाया। यूसुफ ने रविचंद्रन अश्विन के साथ मिलकर नौंवे विकेट के लिए 49 रन जोड़े।

आशीष नेहरा ने 24 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर हसी की गेंद पर क्रेजा को कैच थमाकर चलते बने। रविचंद्रन अश्विन 25 रन पर नाबाद लौटे। अश्विन ने 46 गेंदों पर दो चौके लगाए। नेहरा और अश्विन ने अंतिम विकेट के लिए 27 रन जोड़े।

आस्ट्रेलिया की ओर से ली ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि हैस्टिंग्स और हसी ने दो-दो विकेट चटकाए वहीं बोलिंगर, जानसन और क्रेजा के खाते में एक-एक विकेट गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Sunday, February 13, 2011, 22:45 [IST]
Other articles published on Feb 13, 2011
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+