क्रिकेट विश्व कप : तेंदुलकर के नाम सर्वाधिक रन
विश्व कप में सर्वाधिक रनों के मामले में तेंदुलकर अपने समकालीन खिलाड़ियों से काफी आगे हैं। तेंदुलकर ने जहां विश्व कप में अब तक 1796 रन बटोरे हैं वहीं उनके सबसे करीब दिख रहे आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम 1537 रन हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा 1225 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
वर्ष 2003 विश्व कप में सर्वाधिक रन बटोरने वाले तेंदुलकर ने विश्व कप में सर्वाधिक 13 अर्धशतक लगाए हैं। इस लिहाज से प्रशंसक यह चाहेंगे कि तेंदुलकर विश्व कप में अपने खाते में कुछ और शतक तथा अर्धशतक जोड़कर 2000 रनों का आंकड़ा पार कर लें।
इस विश्व कप में तेंदुलकर और पोंटिंग के बीच सर्वाधिक शतकों की दौड़ में एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ शामिल रहेगी। तेंदुलकर और पोंटिंग ने अब तक चार-चार शतक लगाए हैं। किसी के भी बल्ले से निकलने वाला पांचवां शतक यह साबित करेगा कि विश्व कप में शतकों का बादशाह कौन है।
तेंदुलकर और पोंटिंग के अलावा भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और आस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्क वॉ ने भी विश्व कप में चार-चार शतक लगाए हैं लेकिन इन दो दिग्गजों के बल्ले अब खामोश हो चुके हैं क्योंकि दोनों क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। गांगुली ने 2007 में संन्यास लिया था जबकि वॉ ने 1999 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
पोंटिंग के नाम विश्व कप में अब तक सर्वाधिक मैच खेलने का रिकार्ड है। चार बार खिताबी जीत दर्ज करने वाली आस्ट्रेलियाई टीम के प्रतिनिधि के तौर पर पोंटिंग ने अपना छठा विश्व कप खेलने जा रहे तेंदुलकर से तीन मैच अधिक खेले हैं। तेंदुलकर के नाम 36 मैच हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications