119 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही विक्टोरियाई टीम ने सलामी बल्लेबाज रॉब क्वीनी (0), एडेन ब्लिजार्ड (6) और डेविड हसी (7) के विकेट गंवाए हैं। पहला विकेट शून्य और दूसरा विकेट 17 रन के कुल योग पर गिरा।
खबर लिखे जाने तक विक्टोरिया टीम ने 14 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 52 रन बना लिए थे। ब्रैड हॉज 39 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कप्तान कैमरून व्हाइट ने एक रन बनाया था।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वायंबा इलेवंस टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 118 रन बनाए। वायंबा इलेवंस ने 5.90 के औसत से रन बटोरे।
वायंबा इलेवंस की ओर से जीवंथ कुलातुंगा और माइकल वेंडोर्ट ने सर्वाधिक 42-42 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने अपनी टीम को मुश्किल से निकालते हुए दूसरे विकेट के लिए 81 रन जोड़े।
वायंबा के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके। वरिष्ठ बल्लेबाज माहेला जयवर्धने (3), कप्तान जेहान मुबारक (10), कौशल लोकुराचारी (0), फरवेज महरूफ (1) और रंजना हेराथ (1) ने निराश किया।
विक्टोरिया की ओर से शेन हॉरवुड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि क्लिंट मैके और एंड्रयू मैक्डोनॉल्ड ने दो-दो सफलता हासिल की। पीटर सिडल को भी एक सफलता मिली।
दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इसे जीतकर उन्हें अगले दौर में पहुंचने का मौका मिल सकता है। इस ग्रुप की तीसरी टीम दिल्ली डेयरडेविल्स नेट रन रेट के आधार पर फिलहाल सबसे ऊपर है लेकिन वह भी दूसरे दौर में नहीं पहुंच सकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।