रिकार्डो से सजा अहमदाबाद टेस्ट बेनतीजा समाप्त (राउंडअप)
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में राहुल द्रविड़ के शानदार 177 और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के 110 रनों की बदौलत 426 रन बनाए थे। इसमें युवराज सिंह ने भी 68 रनों का योगदान दिया था।
अपनी 261 गेंदों की पारी के दौरान 26 चौके और एक छक्का लगाने वाले द्रविड़ ने अपने करियर का 27वां शतक जड़ा था जबकि कप्तान धौनी ने दूसरा शतक लगाया। धौनी ने 159 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और एक छक्का लगाया। युवराज ने 93 गेंदों पर 13 चौके लगाए।
मैच के पहले दिन भारतीय टीम को तीन शुरुआती झटके देने वाले तेज गेंदबाज चनाका वेलेगेदारा ने चार विकेट झटके थे जबकि विश्व के महानतम स्पिनरों में एक और टेस्ट इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन के खाते में तीन विकेट आए थे। धम्मिका प्रसाद को भी दो सफलता मिली थी।
जवाब में खेलने उतरी श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी सात विकेट पर 760 रन बनाकर घोषित कर दी थी। श्रीलंकाई टीम को विशाल स्कोर देने में पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने ने 275, प्रसन्ना जयवर्धने ने 154 और तिलकरत्ने दिलशान ने 112 रनों का योगदान दिया।
माहेला ने 435 गेंदों पर 27 चौके और एक छक्का जड़ा जबकि प्रसन्ना ने 314 गेंदों पर 11 चौके लगाए। यह उनके करियर का पहला टेस्ट शतक है। दूसरी ओर, दिलशान ने 133 गेंदों की तेज पारी के दौरान 12 चौके लगाए।
इस पारी की खास बात यह रही कि माहेला और प्रसन्ना ने भारत में छठे विकेट के लिए रिकार्ड साझेदारी की। दोनों ने 76 वर्ष पुराना रिकार्ड ध्वस्त किया। दोंनों ने 315 रन जोड़े। इसमें माहेला ने 189 और प्रसन्ना ने 144 रनों का योगदान दिया।
विशाल स्कोर के आगे भारतीय टीम दबाव में नजर आ रही थी लेकिन सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (51) और गौतम गंभीर (114) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 81 रनों की साझेदारी की बदौलत भारत ने अच्छी शुरुआत की। सहवाग अनावश्यक जल्दबाजी दिखाते हुए 67 गेंदों पर सात चौके लगाकर पेवेलियन लौटे।
इसके बाद पहली पारी के शतकवीर द्रविड़ (38) और गंभीर ने भी दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। द्रविड़ का विकेट चौथे दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले दिरा था। द्रविड़ ने 66 गेंदों पर छह चौके लगाए।
भारतीय कप्तान ने नाइटवॉचमैन के रूप में अमित मिश्रा को भेजा था। मिश्रा ने 24 रन बनाकर इस भूमिका के साथ न्याय किया। वह अंतिम दिन के पहले सत्र में आउट हुए।
इसके बाद तो मास्टर ब्लास्टर तेंदुलकर (नाबाद 100) और गंभीर ने पारी को संवारने का काम अपने कंधे पर ले लिया। गंभीर ने अपने करियर का सातवां शतक पूरा किया। उनका विकेट 275 के कुल योग पर गिरा। गंभीर ने 230 गेंदों पर 13 चौैके लगाए। उन्होंने तेंदुलकर के साथ 66 रन जोड़े।
गंभीर की विदाई के बाद दिग्गज वी.वी.एस. लक्ष्मण ने तेंदुलकर के साथ कदम से कदम मिलाना शुरू किया और खेल को अंतिम सत्र तक ले गए। इसी बीच तेंदुलकर ने पहले अपना अर्धशतक और फिर शतक पूरा किया।
तेंदुलकर के करियर के 43वें शतक और लक्ष्मण के नाबाद 51 रनों की बदौल भारत अपनी दूसरी पारी में चार विकेट के नुकसान पर 412 रन बनाने में सफल रहा। तेंदुलकर और लक्ष्मण ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 137 रन जोड़े।
मैच के पांचवें दिन शुक्रवार को 13 ओवरों का खेल शेष था लेकिन तेंदुलकर का शतक पूरा होते ही दोनों कप्तानों ने आपसी सहमति के आधार पर मैच समाप्त करने का फैसला किया।
इस तरह सरदार पटेल स्टेडियम विश्व के महानतम बल्लेबाजों में शुमार तेंदुलकर के करियर के 43वें टेस्ट शतक का गवाह बना। तेंदुलकर ने अंतर्राष्ट्रीय करियर के 21वें वर्ष में अपने प्रवेश का धूमधाम से आगाज किया।
पहली पारी में मात्र चार बनाकर पेवेलियन लौटने वाले तेंदुलकर ने दूसरी पारी में 211 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाकर शतक पूरा किया।
इससे ठीक पहले, तेंदुलकर ने 35 रन बनाने के साथ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 30,000 रन पूरे किए थे। इसके लिए उन्हें इस मैच से 39 रन बनाने की दरकार थी लेकिन पहली पारी में वह सिर्फ चार रन ही बना सके थे।
दूसरी पारी में आखिरकार उन्होंने इस शिखर को छू ही लिया। अहमदाबाद टेस्ट से पहले तक सचिन कुल 596 अंतर्राष्ट्रीय मैच (टेस्ट, एकदिवसीय एवं ट्वेंटी-20) खेले थे जिनमें उन्होंने 29,961 रन बनाए थे।
एकदिवसीय मैचों में भी कोई खिलाड़ी उनके आसपास नहीं फटकता। उन्होंने 436 एकदिवसीय मैचों में 44.50 की औसत से 17,178 रन बनाए हैं, जिनमें 45 शतक शामिल हैं।
तेंदुलकर ने एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय ट्वेंटी-20 मैच खेला है, जिसमें उन्होंने 10 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट के इस सबसे नए स्वरूप से संन्यास ले लिया था।
तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला का दूसरा मैच 24 से 28 नवंबर के बीच कानपुर के ग्रीन पार्क मैदान पर खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications