मोहाली में श्रीलंका से हिसाब चुकाना चाहेगी टीम इंडिया
विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) मैदान पर बुधवार को खेले गए पहले मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने भारत को 29 रनों से पराजित किया था। उस मैच में मेहमान टीम ने खेल के हर विभाग में महेंद्र सिंह धौनी की टीम को दोयम साबित किया था।
भारतीय टीम में एक परिवर्तन के आसार नजर आ रहे हैं। चोटिल चेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत फिट हो गए हैं। मोहाली में उनके खेलने की पूरी उम्मीद है। उनकी वापसी की सूरत में अशोक ढींढा को बाहर बैठना होगा।
दूसरे मैच में जीत हासिल करने के लिए भारतीय टीम को अपने क्षेत्ररक्षण में मूलभूत सुधार लाना होगा। खुद कप्तान धौनी स्वीकार कर चुके हैं कि नागपुर में टपकाए गए चार कैच उनकी टीम की हार का कारण बने थे।
ट्वेंटी-20 मैचों में गेंदबाजों के लिए कुछ खास नहीं रह जाता क्योंकि यह खेल पूरी तरह बल्लेबाजों का होकर रह गया है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को अपने स्तर में सुधार लाना होगा।
नागपुर में गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज अपनी क्षमता के साथ न्याय नहीं कर सका था। एक समय मजबूत स्थिति में दिख रही भारतीय टीम अचानक ही भरभरा गई थी। यह अलग बात है कि निचले क्रम पर कुछ बल्लेबाजों के रन बटोरने के कारण उसकी हार का अंतर कम रहा था।
दूसरी ओर, पहला मैच जीतने के बाद श्रीलंकाई टीम के हौसले बुलंद हैं। कप्तान कुमार संगकारा, चमारा कापूगेदेरा और तिलकरत्ने दिलशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को विशाल योग तक पहुंचाया था। इसके बाद गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को उस योग तक पहुंचने से रोक दिया था।
मोहाली में होने वाला मैच हमेशा रोचक और रोमांचक होता है। ऐसे में शनिवार को दोनों टीमों के बीच होने वाली साढ़े तीन घंटे की भिड़ंत दर्शकों के लिहाज से पैसा वसूल करने वाली होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications