चैम्पियंस लीग: ईगल्स के पांच बल्लेबाज सस्ते में निपटे (लीड-3)
स्टुअर्ट क्लार्क, ब्रेट ली और नाथन हॉरिज की घातक गेंदबाजी के आगे ईगल्स के एक-एक कर शीर्ष पांच बल्लेबाज पेवेलियन की ओर चलते बने। पारी के पहले ही ओवर में ब्रेट ली ने सलामी बल्लेबाज रिली रूसों को एलबीडब्ल्यू आउट कर ईगल्स की टीम को पहला झटका दिया।
तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर ए. मैक्लारेन के रूप में ईगल्स को दूसरा झटका लगा। वह रन आउट हुए। साइमन कैटिच के एक सीधे थ्रो ने उन्हें पेवेलियन की राह दिखाई।
चौथे ओवर में प्रीज मोर्ने विक के रूप में ईगल्स को तीसरा झटका लगा। पारी के छठे ओवर में कप्तान बोयटा दिपेनार भी चलते बने। उन्होंने 14 गेंदों का सामना कर सात रन बनाए।
सातवें ओवर में डीन एल्गर भी चलते बने। हॉरिज ने उन्हें अपना शिकार बनाया। एल्गर ने पांच गेंदों पर दो रन बनाए।
इससे पहले, कप्तान साइमन कैटिच की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत न्यू साउथ वेल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 144 रन बनाए।
कैटिच ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। उन्होंने 41 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और दो छक्के लगाए। उनके अलावा एम. हेनरिक्स ने 19 गेंदों पर 27, बेन रोहर ने 15 गेंदों पर 22 और डेविड वार्नर ने 31 गेंदों पर 23 रन बनाए।
ईगल्स की ओर से शेडले वान चाकविक ने न्यू साउथ वेल्स के दो खिलाड़ियों को पेवेलियन की राह दिखाई। उनके अलावा डी. डू. प्रीज, र्यान बेली और पी. एमपीत्सांग को एक-एक विकेट मिला।
न्यू साउथ वेल्स के कप्तान कैटिच ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को लीग के पहले मुकाबले में केप कोबराज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को पांच विकेट से हरा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications