विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त पेस और भूपति की जोड़ी ने बुधवार को पुरुषों के युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फ्रांस के माइकल लोड्रा और सर्बिया के नेनाद जिमोनजिच की जोड़ी को 6-4, 6-4 से हरा दिया। पेस और भूपति ने इस मुकाबले को 91वें मिनट में जीता।
इससे पहले, इस भारतीय जोड़ी ने तीसरे दौर के मुकाबले में 13वीं वरीयता प्राप्त स्पेन के टॉमी रोब्रेडो और मार्सेल ग्रेनोलर्स की जोड़ी को 6-4, 4-6, 6-4 से हराया था।
दूसरी ओर, भूपति और मेजबान खिलाड़ी एनास्तासिया रोडिवोनोवा की जोड़ी मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है।
भूपति और रोडिवोनोवा की जोड़ी ने बुधवार को मिश्रित युगल के दूसरे दौर में इटली की सारा इरानी ओर स्पेन के डेविड मारेरो को 6-3, 6-1 से हराया।
भूपति और रोडिवोनोवा की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त स्लोवाकिया की कटरीना श्रेबोतनीक और नेस्टर की जोड़ी से भिड़ेगी।
पेस और जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक की जोड़ी मिश्रित युगल मुकाबले में हार कर बाहर हो गई है। पेस और ब्लैक की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी को दूसरे दौर के मुकाबले में चीनी ताइपे के यंग जान चान और ऑस्ट्रिया के पॉल हेनले की जोड़ी के हाथों 6-7 (11), 6-7 (5) से शिकस्त खानी पड़ी।
विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त स्पेन के टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल अपने हमवतन खिलाड़ी डेविड फेरर के हाथों पराजित हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक नडाल को हमवतन खिलाड़ी डेविड फेरर ने पुरुषों के एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 6-4, 6-2, 6-3 से हराकर इस प्रतिष्ठत टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
इससे पहले, नडाल वर्ष 2009 में आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीत चुके थे जबकि पिछले वर्ष उन्होंने विम्बल्डन, फ्रेंच ओपन और अमेरिकी ओपन का खिताब अपने नाम किया था।
विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त बेल्जियम की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी किम क्लिस्टर्स अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन के अंतिम-4 में पहुंच गई हैं।
क्लिस्टर्स ने महिला एकल के क्वार्टर फाइनल के एक कड़े मुकाबले में पोलैंड की खिलाड़ी अगनेस्का रदवांस्का को 6-3, 7-6 (4) से मात दी।
क्लिस्टर्स ने शनिवार को तीसरे दौर के मुकाबले में फ्रांस की खिलाड़ी एलीज कोर्नेट को 7-6 (3), 6-3 से मात दी थी।
क्लिस्टर्स का सेमीफाइनल में मुकाबला विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त वेरा ज्वोनारेवा से होगा।
विश्व के पांचवीं वरीयता प्राप्त इंग्लैंड के टेनिस खिलाड़ी एंडी मरे शानदार जीत के साथ वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
मरे ने पुरुषों के एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यूक्रेन के एलेक्सजेंडर डोल्गोपोलोव को 7-5, 6-3, 6-7 (3-7), 6-3 से हरा दिया।
मरे पिछले वर्ष आस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल तक का सफर तय कर चुके हैं। इसके अलावा वह वर्ष 2008 में अमेरिकी ओपन के उपविजेता भी रहे हैं। मरे को आस्ट्रेलियन ओपन और अमेरिकी ओपन के फाइनल में दोनों बार रोजर फेडरर के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।