हैदराबाद, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मैच के चौथे दिन सोमवार को कीवी टीम ने अपनी दूसरी पारी में भोजनकाल के बाद से सत्र तक बिना कोई विकेट खोए 80 रन बना लिए हैं। इससे पहले हरभजन सिंह के लगातार दूसरे शतक की बदौलत भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 472 रन बनाकर 122 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की थी।
राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में कीवी टीम को टिम मिशिंटोस और ब्रेंडन मैक्लम ने सहज शुरुआत दी। पहले सत्र में दोनों ने कोई जोखिम नहीं लिया। इसके बाद दूसरे सत्र में भी दोनों ने संयम के साथ बल्लेबाजी की। मिशिटोंस ने 94 गेंदों पर चार चौकोंे की मदद से 29 रन बनाए हैं जबकि मैक्लम 66 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले चौथे दिन ही हरभजन और श्रीसंत ने भारत को 122 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। फिरकी से कमाल दिखाने वाले हरभजन ने फिर से अपने बल्ले का लोहा मनवा दिया। उन्होंने यहां अपने करियर का दूसरा शतक जड़ दिया। इससे पहले इसी श्रृंखला के पहले मुकाबले में उन्होंने करियर का पहला शतक जड़ा था। भज्जी ने श्रीसंत के साथ आखिरी विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। हरभजन 116 गेंदों पर 111 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी इस पारी में सात चौके और सात छक्के भी लगाए।
तीसरे दिन के दूसरे सत्र में भारत ने 336 रनों के कुल योग पर ही अपने सात विकेट गंवा दिए थे। उस समय लग रहा था कि भारत मेहमान टीम के पहली पारी के स्कोर 350 रन के पार भी नहीं जा सकेगा लेकिन भज्जी ने इस काम को अंजाम देकर भारत को बढ़त भी दिला दी। हरभजन के अलावा वीरेंद्र सहवाग ने 96 और वी.वी.एस. लक्ष्मण ने भी 74 रनों की पारी खेली।
मेहमान टीम की ओर कप्तान विटोरी ने सर्वाधित पांच विकेट झटके। उनके अलावा टिम साउदी ने तीन विकेट अपने नाम किए। क्रिस मार्टिन को लक्ष्मण के रूप में एक बड़ी सफलता मिली।
इससे पहले भारतीय गेंदबाज कीवी टीम को पहली पारी में 350 रन के स्कोर पर रोकने में कामयाब रहे थे। भारत की ओर से जहीर और हरभजन ने चार-चार विकेट चटकाए थे। कीवी टीम की ओर से मिशिंटोस ने सर्वाधिक 102 रन बनाए थे। उनके अलावा मार्टिन गुप्टिल ने 85 और जेसी राइडर ने 70 रनों की पारी खेली थी।
तीन मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर चल रही हैं। अहमदाबाद में खेला गया पहला टेस्ट मैच बराबरी पर खत्म हुआ था। टेस्ट श्रृंखला के बाद दोनों टीमें एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।